Sarika Salunkhe: मुंबई में एक्ट्रेस सारिका सालुंखे की बहादुरी लाई रंग, छेड़छाड़ के आरोपी को पहुंचाया जेल. मुंबई पुलिस का जताया आभार, लड़कियों से की आवाज उठाने की अपील

सारिका सालुंखे की यह पहल सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है. कई यूजर्स उनके सराहना कर रहे हैं और इसे महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने का एक मजबूत संदेश बता रहे हैं.

Sarika Salunkhe: मराठी टीवी और साउथ फिल्मों की अभिनेत्री सारिका सालुंखे ने कथित छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने वाले आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराकर उसे जेल भिजवा दिया है. अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो और एफआईआर की कॉपी साझा करते हुए लिखा, "आखिरकार मैंने एक दरिंदे को जेल भिजवा दिया. मुंबई की सड़कों पर ऐसे गंदे लोगों के लिए कोई जगह नहीं है. यह मुंबई हमारी है, किसी के बाप की नहीं. चाहे लड़की हो या लड़का, किसी की भी जबरदस्ती कभी मत सहिए. अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाइए और गलत करने वालों को कानून के जरिए सजा दिलाइए."

 

View this post on Instagram

 

सारिका सालुंखे ने इस कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस ने उनकी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की, जिसके चलते आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में #MumbaiPoliceAlwaysThereForUs का इस्तेमाल करते हुए पुलिस की सराहना भी की.

साझा की गई एफआईआर की कॉपी के अनुसार, मामला मुंबई के जोगेश्वरी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है. एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 79, 131 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. घटना 19 जुलाई 2026 की बताई गई है.

LatestLY Hindi से बातचीत में सारिका सालुंखे ने बताया कि वह इस वीडियो के जरिए सभी लड़कियों और महिलाओं से एक महत्वपूर्ण संदेश देना चाहती हैं. उन्होंने कहा, "अगर आपके साथ कहीं भी किसी भी तरह की गलत हरकत या जबरदस्ती होती है, तो चुप मत रहिए. आवाज उठाइए और कानून का सहारा लीजिए. गलत काम करने वालों को सबक सिखाना बेहद जरूरी है. मैंने भी इसलिए शिकायत दर्ज कराई ताकि भविष्य में किसी दूसरी लड़की के साथ ऐसी घटना न हो. अगर हम चुप रहेंगे तो ऐसे लोगों का हौसला बढ़ेगा."

कौन हैं सारिका सालुंखे?

सारिका सालुंखे महाराष्ट्र के सतारा की रहने वाली एक अभिनेत्री हैं, जिन्होंने मराठी टेलीविजन से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की. उन्हें 'पिंकीचा विजय असो' में 'निरी (Niri)' के किरदार से लोकप्रियता मिली. इसके बाद उन्होंने साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी अपनी पहचान बनाई. उनके इंस्टाग्राम प्रोफाइल के अनुसार, वह 'वरदराजु गोविंदम (Varadaraju Govindam)', 'पेड्डी (Peddi)', 'मैकम (Maikam)' और 'मिरेकल (Miracle)' जैसी तेलुगु फिल्मों का हिस्सा हैं. वर्तमान में वह मुंबई और हैदराबाद में रहकर अपने अभिनय करियर पर काम कर रही हैं. सोशल मीडिया पर उनके 5.82 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं और वह अपनी फिल्मों और निजी जिंदगी से जुड़े अपडेट नियमित रूप से साझा करती रहती हैं.

सारिका सालुंखे की यह पहल सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है. कई यूजर्स उनके साहस की सराहना कर रहे हैं और इसे महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने का एक मजबूत संदेश बता रहे हैं.

Share Now