क्या ‘संजू' का सीक्वल बनाने की तैयारी में हैं राजकुमार हिरानी?
फिल्म 'संजू' की शानदार सफलता को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि मेकर्स इस फिल्म का सीक्वल बना सकते हैं
संजय दत्त के जीवन पर आधारित फिल्म ‘संजू’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ सफलता हासिल की. 29 जून को रिलीज हुई इस फिल्म ने अब तक 278 करोड़ से भी ज्यादा की कमाई कर ली है. फिल्म में रणबीर कपूर और विक्की कौशल के काम को खासतौर पर सराहा जा रहा है. अब मीडिया में इस फिल्म को लेकर कयास लगाया जा रहा है कि निर्देशक राजकुमार हिरानी इस फिल्म का सीक्वल बना सकते हैं. साथ ही, कहीं न कहीं संजय दत्त के फैंस भी इस फिल्म के सीक्वल की उम्मीद कर रहे हैं.
आपको बता दें कि फिल्म ‘संजू’ में संजय दत्त के विवादित जीवन के महज कुछ ही किस्सों को दर्शाया गया है. फिल्म में संजय की पहली दो पत्नी और उनकी बड़ी बेटी त्रिशला दत्त का कोई जिक्र भी नहीं है. फिल्म को देखने के बाद न सिर्फ समीक्षकों ने बल्कि दर्शकों ने भी इसकी कहानी को अधूरा पाया. अब फिल्म को लेकर मिल रही इस तरह की प्रतिक्रिया के बाद क्या राजकुमार हिरानी इसका सीक्वल बनाएंगे?
एबीपी न्यूज से बातचीत में राजकुमार हिरानी ने बताया कि इस फिल्म को देखने के बाद संजय दत्त और रणबीर कपूर ने उनसे इसके सीक्वल को लेकर बात की. तभी हिरानी द्वारा ये बात साफ कर दी गई कि वो इस फिल्म का सीक्वल नहीं बनाएंगे क्योंकि उनका मानना है कि किसी भी व्यक्ति की सिर्फ एक ही बायोपिक फिल्म हो सकती है.
इस फिल्म के लेखक अभिजात जोशी ने भी अपने मीडिया इंटरव्यूज के दौरान कहा था कि संजय की जीवन कहानी के 750 पन्नों के लेख में से हिरानी ने सिर्फ 150 पन्नों का इस्तेमाल करके फिल्म बनाया है. बात करें रणबीर कपूर की तो वो जल्द ही आलिया भट्ट के साथ अयान मुखर्जी की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र ‘ में नजर आएंगे.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2018 10:04 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

