बॉलीवुड

मुझे कोई फिल्मों में नहीं लेना चाहता : मिलिंद सोमन

सुपरमॉडल मिलिंद सोमन इन दिनों अपने फिटनेस के चलते सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं

मुझे कोई फिल्मों में नहीं लेना चाहता : मिलिंद सोमन
मिलिंद सोमन (Photo Credits: Instagram)

अभिनेता व सुपरमॉडल मिलिंद सोमन का कहना है कि कोई भी फिल्मकार उन्हें अपनी फिल्म में नहीं लेना चाहते हैं, क्योंकि बॉलीवुड में उनके अच्छे संपर्क नहीं हैं. मिलिंद ने आईएएनएस से कहा, "कोई भी मुझे फिल्म में नहीं लेना चाहता है. यह सच है. मुझे नहीं पता कि क्यों, लेकिन यह सच्चाई है."

अभिनेता ने कहा, "पहले मेरे पास फिल्म के प्रस्ताव आते थे और मैं फिल्में करता भी था. मुझे अभिनय में रुचि है. यह एक अच्छी कमाई वाला काम है और कुछ लोगों के अनुसार मैं अच्छा अभिनय करता हूं."

मिलिंद को 'मेड इन इंडिया' म्यूजिक वीडियो से प्रसिद्धी मिली थी. इसके अलावा उन्हें 'भेजा फ्राई', 'बाजीराव मस्तानी', 'शेफ', 'डेविड' जैसी फिल्मों में भी देखा गया था.

इसके साथ मिलिंद को 'कैप्टेन व्योम', 'नूरजहां' और 'फियर फेक्टर : खतरों के खिलाड़ी एक्स-3' जैसे टेलीविजन शो में भी देखा जा चुका है.

इतनी कम फिल्में मिलने के पीछे का कारण बताते हुए मिलिंद ने कहा, "मुझे लगता है कि बॉलीवुड में मेरे अच्छे संपर्क नहीं है या वहां मेरे अच्छे दोस्त नहीं है. हर व्यवसाय में संपर्क मायने रखता है."

मिलिंद से जब पूछा किया कि वह किस फिल्मकार के साथ काम करने की इच्छा रखते हैं, तो उन्होंने कहा, "मैं किसी को भी नहीं जानता. यहां तक कि मैं फिल्में भी नहीं देखता. हो सकता है कि इस कारण भी लोग मुझे फिल्मों में नहीं लेना चाहते हों. मैं उन लोगों में से हूं, जिन्हें अभिनय करना पसंद है लेकिन फिल्में नहीं देखना चाहते हैं."

अभिनेता मिलिंद ने कहा कि वह एक साल में ज्यादा से ज्यादा तीन फिल्में देखते हैं और वे भी सुपरहीरो वाली फिल्में होती हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 28, 2018 03:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).