बॉलीवुड

शाहरुख-काजोल की एवरग्रीन फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ का सीक्वल बना रहे हैं करण जौहर?

1998 में रिलीज हुई ये रोमांटिक ड्रामा फिल्म शाहरुख खान और काजोल के बॉलीवुड करियर की सबसे यादगार फिल्म है

शाहरुख-काजोल की एवरग्रीन फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ का सीक्वल बना रहे हैं करण जौहर?
करण जौहर (Photo Credits : Instagram)

बॉलीवुड में अपने रोमांटिक और ड्रामा बेस्ड फिल्मों के लिए मशहूर करण जौहर जल्द ही अपनी फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ का सीक्वल दर्शकों के सामने पेश कर सकते हैं. 1998 में रिलीज हुई ये फिल्म ब्लॉकबस्टर हिट रही और इसकी रिलीज के आज 20 साल बाद भी दर्शक इस फिल्म को उतने ही उत्साह के साथ देखते हैं. इस फिल्म से अपने डायरेक्टोरियल करियर की शुरुआत करने वाले करण जौहर हाल ही में माधुरी दीक्षित के डांस रियलिटी शो ‘डांस दीवाने’ के सेट पर पहुंचे थे, जहां इस बात को लेकर कुछ अहम जानकारी भी सामने आई कि वो ‘कुछ कुछ होता है’ के सीक्वल की प्लानिंग रहे हैं.

मुंबई मिरर की खबर के अनुसार, करण यहां जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर के साथ अपनी फिल्म ‘धड़क’ के प्रोमोशन के सिलसिले में पहुंचे थे. करण ने यहां अपने बीते लम्हों को याद करते हुए फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ से शाहरुख की एंट्री सीन वाले स्टाइल में शो के सेट पर एंट्री की. शो के जज शशांक खेतान और कोरियोग्राफर तुषार ने आरती की थाली लेकर जया बच्चन को कॉपी करते हुए करण का स्वागत किया.

शो के कंटेस्टंट्स शौर्य और आलोक ने भी करण की फिल्मों से उनके यादगार पलों को रीक्रिएट करते हुए शानदार परफॉर्मेंस दिया. उनके एक्ट से करण इतने खुश हो गए कि उनके आंसू निकल आए और उन्होंने कहा कि इस एक्ट ने उन्हें ‘कुछ कुछ होता है’ का सीक्वल बनाने के लिए प्रेरित किया है. इसके बाद मजाक करते हुए करण ने कहा कि वो शौर्य और आलोक को इसमें कास्ट करने का विचार भी कर सकते हैं.

हालांकि करण ने फिल्म के सीक्वल को लेकर कोई खास जानकारी नहीं दी है. लेकिन भावुक होकर उन्होंने इस बात के संकेत जरूर दे दिए कि वो इस फिल्म को लेकर कुछ स्पेशल प्लान कर रहे हैं.

 

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2018 09:01 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).