Kiara Advani: 'कमाल और मीना' में मीना कुमारी बनेंगी कियारा आडवाणी? कास्टिंग की अफवाहों पर निर्देशक सिद्धार्थ पी मल्होत्रा ने तोड़ी चुप्पी

फिलहाल कियारा आडवाणी अपने अन्य फिल्मी प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं. वहीं सिद्धार्थ पी मल्होत्रा भी 'कमाल और मीना' की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. ऐसे में अब फैंस को आधिकारिक घोषणा का इंतजार है कि आखिर मीना कुमारी के प्रतिष्ठित किरदार को बड़े पर्दे पर कौन निभाएगा.

कियारा आडवाणी (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Is Kiara Advani Playing Bollywood’s ‘Tragedy Queen’ Meena Kumari in ‘Kamal Aur Meena’?: बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी के दिवंगत दिग्गज अदाकारा मीना कुमारी की बायोपिक 'कमाल और मीना' (Kamal Aur Meena) में नजर आने की खबरें पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में हैं. हालांकि अब फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ पी मल्होत्रा ने इन अटकलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने साफ कर दिया है कि फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी तक किसी भी कलाकार की आधिकारिक कास्टिंग फाइनल नहीं हुई है. यह भी पढ़ें: Shilpa Shinde Viral Video: शिल्पा शिंदे ने फर्जी MMS लीक पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं- मुझे ब्लैकमेल किया गया, परिवार को भी झेलनी पड़ी बेइज्जती

सिद्धार्थ पी मल्होत्रा ने 25 जून 2026 को मीडिया से बातचीत के दौरान कियारा आडवाणी के फिल्म में मीना कुमारी का किरदार निभाने की खबरों पर कहा, "जब तक सब कुछ लॉक नहीं हो जाता, तब तक कुछ भी फाइनल नहीं माना जा सकता. फिल्म का बिजनेस सिर्फ कलाकारों पर निर्भर नहीं करता, बल्कि पूरे प्रोजेक्ट की लागत और कई अन्य पहलुओं पर भी फैसला लिया जाता है."

2,000 प्रेम पत्रों और डायरी पर आधारित होगी फिल्म

निर्देशक ने बताया कि 'कमाल और मीना' की कहानी मीना कुमारी और उनके पति, मशहूर फिल्मकार कमाल अमरोही के बीच लिखे गए 2,000 से अधिक हस्तलिखित प्रेम पत्रों और निजी डायरी के पन्नों पर आधारित है. सिद्धार्थ पी मल्होत्रा के मुताबिक, "उनकी चिट्ठियों और डायरी ने ही हमें यह कहानी लिखने का रास्ता दिखाया है. ऐसा लगता है जैसे उन्होंने खुद अपनी कहानी हमें सुनाई हो."

फिल्म में मीना कुमारी और कमाल अमरोही के लगभग 20 साल लंबे रिश्ते को पर्दे पर दिखाया जाएगा. इसमें उनकी पहली मुलाकात से लेकर उनकी ऐतिहासिक फिल्म 'पाकीज़ा' (1972) के निर्माण और रिलीज तक की कहानी शामिल होगी. फिल्म की स्क्रिप्ट भवानी अय्यर ने लिखी है, जबकि संवाद कौसर मुनीर ने तैयार किए हैं.

साल के अंत तक शुरू हो सकती है शूटिंग

सिद्धार्थ पी मल्होत्रा ने बताया कि फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी हो चुकी है और अब पूरी टीम कास्टिंग फाइनल करने में जुटी हुई है. अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो फिल्म की शूटिंग 2026 के अंत तक शुरू हो सकती है. इससे पहले मीना कुमारी की एक अन्य बायोपिक की घोषणा हुई थी, जिसमें कृति सेनन के अभिनय करने की चर्चा थी, लेकिन वह प्रोजेक्ट बाद में ठंडे बस्ते में चला गया.

कियारा और सिद्धार्थ पी मल्होत्रा के आगामी प्रोजेक्ट्स

फिलहाल कियारा आडवाणी अपने अन्य फिल्मी प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं. वहीं सिद्धार्थ पी मल्होत्रा भी 'कमाल और मीना' की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. ऐसे में अब फैंस को आधिकारिक घोषणा का इंतजार है कि आखिर मीना कुमारी के प्रतिष्ठित किरदार को बड़े पर्दे पर कौन निभाएगा.

Share Now