Kangana Ranaut And Taapsee Pannu Fight: कंगना रनौत ने तापसी पन्नू को फिर कहा 'सस्ती कॉपी', इंस्टाग्राम स्टोरी में साधा निशाना; बाद में किया डिलीट

यह विवाद तब फिर चर्चा में आया, जब हाल ही में एक इंटरव्यू में तापसी पन्नू ने कंगना के साथ अपने पुराने विवाद और दोनों की परवरिश को लेकर टिप्पणी की थी. इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट साझा किए.

कंगना रनौत और तापसी पन्नू (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Kangana Ranaut Calls Taapsee Pannu 'Sasti Copy': अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने एक बार फिर अभिनेत्री तापसी पन्नू (Taapsee Pannu) पर निशाना साधते हुए उनके साथ अपने पुराने विवाद को हवा दे दी है. कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए तापसी पर तीखा हमला बोला और उन्हें 'सस्ती कॉपी' कहा. हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने अपनी सभी स्टोरीज डिलीट भी कर दीं. यह भी पढ़ें: Kangana Ranaut on Gen Z: BJP सांसद ने 'जेनरेशन गटर' वाली टिप्पणी पर सफाई दी, कहा- यह सभी युवाओं के लिए नहीं थी (Video)

यह विवाद तब फिर चर्चा में आया, जब हाल ही में एक इंटरव्यू में तापसी पन्नू ने कंगना के साथ अपने पुराने विवाद और दोनों की परवरिश को लेकर टिप्पणी की थी. इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट साझा किए.

'सस्ती कॉपी' कहकर साधा निशाना

कंगना ने बिना नाम लिए इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि उनकी "सस्ती कॉपी" अपनी नई बी-ग्रेड फिल्म के प्रमोशन के लिए भी सिर्फ उनके नाम का इस्तेमाल कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि तापसी ने इस बार उनकी परवरिश और उनके माता-पिता का मजाक उड़ाकर सारी हदें पार कर दीं.

परवरिश और परिवार को लेकर की टिप्पणी

एक अन्य स्टोरी में कंगना ने लिखा कि कुछ लोग, जो कथित तौर पर "संदिग्ध बैकग्राउंड" और किराए के मकानों में पले-बढ़े हैं, उनकी परवरिश और उनके राजपूत परिवार पर सवाल उठाते हैं. उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता शिक्षित और सम्मानित हैं तथा उन्होंने अपने दम पर जीवन में आगे बढ़ने का फैसला किया था. ऐसे में उनके परिवार को विवाद में घसीटना गलत है.

तापसी के माता-पिता पर भी कसा तंज

कंगना ने अपनी एक अन्य पोस्ट में लिखा कि वह कभी किसी के माता-पिता को विवाद में नहीं लातीं, लेकिन इस बार उन्होंने सवाल किया कि तापसी के माता-पिता "उनके माता-पिता की तरह कोई ओरिजिनल इंसान" क्यों नहीं पैदा कर सके. इस टिप्पणी में भी उन्होंने 'सस्ती कॉपी' शब्द का इस्तेमाल किया. बाद में कंगना ने ये सभी पोस्ट हटा दिए.

तापसी ने इंटरव्यू में क्या कहा था?

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में तापसी पन्नू ने कहा कि वह कभी भी कंगना रनौत से व्यक्तिगत रूप से नहीं मिली हैं. उन्होंने कहा कि उनके विचार और प्रतिक्रियाएं उनकी अपनी परवरिश और सोच को दर्शाती हैं, जबकि कंगना अपने विचारों पर कायम रहती हैं. तापसी ने कहा कि इससे यह समझा जा सकता है कि दोनों अलग-अलग सोच और पृष्ठभूमि से आती हैं.

2019 से चला आ रहा है विवाद

कंगना और तापसी के बीच विवाद की शुरुआत 2019 में हुई थी, जब कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने तापसी को 'सस्ती कॉपी' कहा था. इसके बाद 2020 में नेपोटिज्म की बहस के दौरान कंगना ने तापसी को "बी-ग्रेड अभिनेत्री" और "काम के लिए तरसने वाली आउटसाइडर" बताया था. हालांकि, इन मतभेदों के बावजूद तापसी कई बार कह चुकी हैं कि अगर मौका मिले तो वह कंगना से दोस्ती करने के लिए तैयार हैं.

तापसी पन्नू ने क्या प्रतिक्रिया दी?

कंगना रनौत की हालिया टिप्पणी पर सीधे तौर पर कुछ न कहते हुए, तापसी पन्नू ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर किया. इसमें बस इतना लिखा था, 'साबित हो गया.' इसके साथ, ऐसा लगता है कि तापसी अपने हालिया बयान पर कायम हैं. उन्होंने कहा था कि कंगना के बारे में उनकी राय उनकी परवरिश को दिखाती है, ठीक वैसे ही जैसे कंगना की राय उनकी अपनी परवरिश से बनी है. 'थप्पड़' एक्ट्रेस ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह देखने और तय करने के लिए काफी है कि कौन कहां से आया है.'

Share Now