बॉलीवुड

विशाल भारद्वाज ने बांधे आमिर खान की तारीफों के पुल, कहा- वह साहसी अभिनेता हैं

फिल्मकार विशाल भारद्वाज का कहना है कि वर्तमान में सुपरस्टार लीक से हटकर फिल्में करने का जोखिम उठा रहे हैं लेकिन केवल आमिर खान ही साहसी अभिनेता हैं.

विशाल भारद्वाज ने बांधे आमिर खान की तारीफों के पुल, कहा- वह साहसी अभिनेता हैं
आमिर खान (Photo Credits : Instagram)

मुंबई: फिल्मकार विशाल भारद्वाज का कहना है कि वर्तमान में सुपरस्टार लीक से हटकर फिल्में करने का जोखिम उठा रहे हैं लेकिन केवल आमिर खान ही साहसी अभिनेता हैं. अजय देवगन, सैफ अली खान और शाहिद कपूर जैसे अभिनेताओं के साथ काम कर चुके भारद्वाज ने कहा कि शीर्ष कलाकारों के साथ काम करने के लिए उन्हें एक उपयुक्त कहानी की जरूरत है.

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सुपरस्टार के साथ काम करना चाहता हूं. मैं उनसे संपर्क भी करता हूं. यदि उनकी तरफ से कोई जवाब मिलता हैं तो वह मेरी फिल्म का हिस्सा होते हैं. लेकिन वे नहीं होते हैं क्योंकि इसके लिए एक अच्छा विषय भी जरूरी है.’’ भारद्वाज ने पीटीआई भाषा से कहा, ‘‘ वे (सुपरस्टार) वर्तमान में जोखिम उठा रहे हैं और यह सिनेमा के लिए अच्छा संकेत है. केवल आमिर खान साहसी अभिनेता हैं जिसने खुद को ‘दंगल’ के लिए बेहतर तरीके से ढाला. वह अपनी उम्र को समझते हैं और उसी के अनुसार काम करते हैं.

विशाल अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘पटाखा’ को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया से खुश हैं. इस फिल्म में दो नये चेहरों सान्या मल्होत्रा और राधिका मदान को पेश किया गया है. उन्होंने स्वीकार किया कि उनके पास उनका एक दर्शक वर्ग है जो उनकी तरह का सिनेमा देखना पसंद करता है. ऐसी अटकलें हैं कि 53 वर्षीय भारद्वाज नेटफ्लिक्स के लिए भी काम कर रहे हैं. इस पर निर्देशक ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी लेकिन कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म भविष्य है.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 28, 2018 03:15 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).