बॉलीवुड

एड वीडियो को लेकर अमिताभ बच्चन और श्वेता नंदा पर बौखलाई बैंक यूनियन, लगाया ये आरोप

अमिताभ बच्चन हाल ही में अपनी बेटी श्वेता नंदा के साथ एक एड वीडियो में साथ नजर आए थे

एड वीडियो को लेकर अमिताभ बच्चन और श्वेता नंदा पर बौखलाई बैंक यूनियन, लगाया ये आरोप
अमिताभ बच्चन और श्वेता नंदा (Photo Credits: Youtube)

अमिताभ बच्चन ने 17 जुलाई, मंगलवार की शाम को अपनी बेटी श्वेता नंदा के साथ कल्याण  ज्वैलर्स के लिए शूट किया हुआ अपना कमर्शियल वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. इस वीडियो में बिग बी ने अपने देश के साथ इमानदारी और बेटीयों के सम्मान का संदेश दिया. लेकिन अब इस प्रचार को देखने के बाद ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन ने कल्याण ज्वेलर्स पर आरोप लगाया है कि उन्होंने लाखों बैंक कर्मचारियों की भावना को ठेस पहुंचाई है और इसके लिए वो उन्हें कोर्ट में घसीटेंगे.

दरअसल, उस एड वीडियो में देखा गया कि अमिताभ के बैंक खाते में गलती से दो बार पेंशन जमा कर दी गई. इस अतिरिक्त पैसे को सरकार को वापस लौटाने के लिए वो अपनी बेटी श्वेता के साथ बैंक कर्मचारियों की टेबलों के धक्के खा रहे हैं. काफी कोशिशों के बाद उन्हें बैंक ऑफिसर ये कहते हैं कि उन्हें इस पैसे से पार्टी कर लेनी चाहिए और वैसे भी उन्हें कौन देखा रहा है. लेकिन अमिताभ कहते हैं कि वो देख रहे हैं और उनकी नजर में ये गलत है.

स्पॉटबॉय की इस खबर के अनुसार, इस बात को लेकर बैंक यूनियन अमिताभ, श्वेता और कल्याण ज्वैलर्स पर बेहद नाराज है. ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी सौम्य दत्ता ने आरोप लगाया कि इस शो का थीम, इसमें बात करने का लहजा अपमानजनक है. उन्होंने कहा कि इस तरह से तो बैंकिंग सिस्टम पर से लोगों का भरोसा उठ जाएगा.

उनका आरोप है कि अपने आर्थिक फायदे के लिए उन्होंने बैंक ऑफिसर्स की छवि को गलत ढंग से पेश किया है. वहीं दूसरी ओर कलयाण ज्वैलर्स ने आरोपों को गलत ठहराते हुए कहा कि ये प्रचार पूरी तरह से काल्पनिक है. हालांकि कल्याण ज्वैलर्स ने इस मामले का संज्ञान लेते कहा कि हम औपचारिक तौर पर इस बात को समझते हैं कि बैंक ऑफिसर्स की भावनाएं आहत हुई हैं. हमने इसे काल्पनिक तौर पर बनाया था और हमने किसी एक क्षेत्र के बैंक ऑफिसर को ध्यान में रखकर इसे नहीं बनाया.

आगे अपने बयान में कल्याण ज्वैलर्स ने कहा, “कृपया करके इस मामले में हमारे डिस्क्लेमर को स्वीकार करें. हम आज से तीन दिनों के भीतर इस प्रचार में ये डिस्क्लेमर को पेश करेंगे जिसमें ये बात साफ लिखी होगी कि हम इस प्रचार के माध्यम से किसी समाज या व्यक्ति का अपमान नहीं करते हैं.”

आपको बता दें कि इस प्रचार को शेयर करके बिग बी ने लिखा था, “ये मेरे लिए बेहद इमोशनल पल है. जब भी इसे देखता हूं मेरी आंखों से आंसू निकल आते हैं. बेटियां सबसे बेस्ट होती है.”

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2018 03:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).