म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए EPF निकालना सही नहीं, EPFO ने कर्मचारियों को दी अहम सलाह
ईपीएफओ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) सहित विभिन्न चैनलों पर एक जागरूकता अभियान "समझदार को ईपीएफ काफी है" शुरू किया है. इसका उद्देश्य निवेशकों को गारंटीकृत रिटायरमेंट सुरक्षा छोड़कर बाजार आधारित जोखिम वाले उत्पादों की ओर जाने से रोकना है
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने वेतनभोगी कर्मचारियों को अपने पीएफ (Provident Fund) की राशि निकालकर म्यूचुअल फंड में निवेश न करने की सलाह दी है. संगठन ने स्पष्ट किया है कि ईपीएफ (EPF) और म्यूचुअल फंड दोनों ही वित्तीय उपकरण अलग-अलग उद्देश्यों को पूरा करते हैं. रिटायरमेंट सुरक्षा के मामले में पीएफ को ही प्राथमिक आधार बनाया जाना चाहिए.
ईपीएफओ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) सहित विभिन्न चैनलों पर एक जागरूकता अभियान "समझदार को ईपीएफ काफी है" शुरू किया है. इसका उद्देश्य निवेशकों को गारंटीकृत रिटायरमेंट सुरक्षा छोड़कर बाजार आधारित जोखिम वाले उत्पादों की ओर जाने से रोकना है. यह भी पढ़े: EPFO ने शुरू किया पासबुक पोर्टल: खातों में ट्रांसफर होने जा रहा है 8.25% ब्याज; UAN एक्टिवेशन और एडवांस निकासी के नियम भी बदले
उद्देश्य और संरचना में मौलिक अंतर
ईपीएफओ के अनुसार, ईपीएफ और म्यूचुअल फंड के बीच सबसे बड़ा अंतर उनके डिजाइन और उद्देश्यों में है. ईपीएफ एक वैधानिक सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था है, जिसका मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्ति के बाद वित्तीय सुरक्षा की गारंटी देना है.
दूसरी ओर, म्यूचुअल फंड स्वैच्छा आधारित और बाजार से जुड़े उत्पाद हैं, जिन्हें दीर्घकालिक संपत्ति निर्माण के लिए डिज़ाइन किया गया है. म्यूचुअल फंड का रिटर्न शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव पर निर्भर करता है और इसमें पूंजी नुकसान का जोखिम भी शामिल होता है.
नियोक्ता का योगदान और गारंटीकृत रिटर्न
ईपीएफ का एक बड़ा लाभ इसका दोहरा योगदान मॉडल है. इसमें कर्मचारी और नियोक्ता (कंपनी) दोनों ही हर महीने राशि का योगदान करते हैं. इसके विपरीत, म्यूचुअल फंड में पूरी पूंजी अकेले निवेशक को ही लगानी पड़ती है.
साथ ही, ईपीएफ पर सरकार द्वारा हर साल निश्चित ब्याज दर घोषित की जाती है, जो स्थिर और कम जोखिम वाली वृद्धि प्रदान करती है. ईपीएफओ का मानना है कि यह स्थिरता सेवानिवृत्ति निधि के सुरक्षित निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है.
सामाजिक सुरक्षा और कर में छूट का लाभ
कर्मचारी भविष्य निधि में निवेश के साथ-साथ कई इन-बिल्ट सामाजिक सुरक्षा लाभ भी मिलते हैं, जो सामान्यतः म्यूचुअल फंड में उपलब्ध नहीं होते:
-
कर्मचारी पेंशन योजना (EPS): पात्र सदस्यों को सेवानिवृत्ति के बाद आजीवन पेंशन और सदस्य की मृत्यु की स्थिति में परिवार को पेंशन की सुविधा मिलती है.
-
कर्मचारी जमा लिंक्ड बीमा (EDLI): सदस्यों को बिना किसी अतिरिक्त प्रीमियम भुगतान के 7 लाख रुपये तक का मुफ़्त जीवन बीमा कवर प्रदान किया जाता है.
-
कर दक्षता (Tax Benefits): ईपीएफ में योगदान, अर्जित ब्याज और अंतिम निकासी प्रचलित कर नियमों के तहत कर-मुक्त (EEE श्रेणी) होती हैं. जबकि म्यूचुअल फंड में अवधि और योजना के आधार पर कैपिटल गेंस टैक्स लागू हो सकता है.
रिटायरमेंट प्लानिंग के लिए ईपीएफ ही मुख्य आधार
यद्यपि ईपीएफओ यह स्वीकार करता है कि म्यूचुअल फंड लंबी अवधि में अधिक रिटर्न देने की क्षमता रखते हैं, लेकिन संगठन ने चेतावनी दी है कि समय से पहले पीएफ निकालना बुढ़ापे की वित्तीय सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है.
ईपीएफओ ने कर्मचारियों को सलाह दी है कि वे अपने भविष्य निधि को अपनी सेवानिवृत्ति रणनीति का मुख्य आधार बनाएं. बाजार से जुड़े म्यूचुअल फंड निवेश को ईपीएफ के विकल्प के रूप में नहीं, बल्कि एक पूरक (complementary) निवेश के रूप में देखा जाना चाहिए.