देश की खबरें | युवा सुखजीत की नजरें एशियाई खेलों के जरिए पेरिस खेलों में भारत को जगह दिलाने पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आगामी एशियाई खेल सुखजीत सिंह का पहला बहु खेल आयोजन होगा और इस युवा स्ट्राइकर का लक्ष्य भारत को महाद्वीपीय खिताब जीतने में मदद करके अगले साल के पेरिस ओलंपिक के लिए सीधे कोटा हासिल करना है।
नयी दिल्ली, सितंबर आगामी एशियाई खेल सुखजीत सिंह का पहला बहु खेल आयोजन होगा और इस युवा स्ट्राइकर का लक्ष्य भारत को महाद्वीपीय खिताब जीतने में मदद करके अगले साल के पेरिस ओलंपिक के लिए सीधे कोटा हासिल करना है।
चीन के हांगझोउ में होने वाले एशियाई खेलों के विजेता को पेरिस के लिए सीधे क्वालीफिकेशन मिलेगा।
भारत अपने अभियान की शुरुआत 24 सितंबर को उज्बेकिस्तान के खिलाफ करेगा।
सुखजीत ने हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति में कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य केवल स्वर्ण पदक पर है। हम जानते हैं कि यहां क्या दांव पर लगा है और हम किसी चीज को हल्के में नहीं लेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कुछ मजबूत टीमें हैं और हम किसी भी मैच में ढिलाई नहीं बरत सकते। हमें प्रत्येक मैच को अंतिम मैच के रूप में लेना होगा और जब भी हम मैदान पर होंगे तो अपना सब कुछ देना होगा।’’
सुखजीत 23 सितंबर से आठ अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने के मौके को एक बड़ा सम्मान मानते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यह अवास्तविक लगता है कि मैं 19वें एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करूंगा। मुझे गर्व है कि मैं भारत की जर्सी पहनूंगा। मेरे परिवार में हर कोई यह खबर सुनकर बहुत खुश था कि मैं टीम का हिस्सा हूं।’’
सुखजीत ने कहा, ‘‘मुझे उच्चतम स्तर पर खेलते हुए देखना मेरे पिता का सपना था और मैं अब यहां हूं। यह एक ऐसा अहसास है जिसे मैं शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकता।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)