खेल की खबरें | पहलवानों ने हरियाणा को खेलो इंडिया युवा खेलों का ओवराल खिताब दिलाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के पहलवानों ने दांव पर लगे पांच में से चार स्वर्ण पदक जीतकर बुधवार को यहां खेलो इंडिया युवा खेलों के अंतिम दिन अपने राज्य को एक बार फिर शीर्ष पर पहुंचा दिया।
पंचकूला, आठ जून हरियाणा के पहलवानों ने दांव पर लगे पांच में से चार स्वर्ण पदक जीतकर बुधवार को यहां खेलो इंडिया युवा खेलों के अंतिम दिन अपने राज्य को एक बार फिर शीर्ष पर पहुंचा दिया।
मेजबान टीम ने ट्रैक एवं फील्ड में दो और स्वर्ण पदक जीते। हरियाणा की टीम इस प्रदर्शन की बदौलत 30 स्वर्ण, 23 रजत और 33 कांस्य पदक जीतकर महाराष्ट्र (26 स्वर्ण, 25 रजत, 22 कांस्य) को पछाड़ने में सफल रही। महाराष्ट्र की टीम अंतिम दिन सिर्फ एक स्वर्ण पदक जीत सकी।
अंबाला में तैराकी प्रतियोगिता में कर्नाटक का दबदबा रहा। कर्नाटक ने तैराकों ने चार स्वर्ण पदक जीते और इस दौरान तीन रिकॉर्ड बनाए। टीम ने ट्रैक एवं फील्ड में भी दो स्वर्ण पदक के साथ अंतिम दिन छह स्वर्ण जीते।
राष्ट्रमंडल खेलों के ट्रायल में एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता विनेश फोगाट को हराने के करीब पहुंची अंतिम ने कुश्ती में लड़कियों के 53 किग्रा वर्ग में दबदबा बनाते हुए तीन साल में खेलो इंडिया खेलों का अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता।
हरियाणा के लिए तीन अन्य स्वर्ण पुल्कित (लड़कियों के 65 किग्रा), साहिल (लड़कों के 92 किग्रा ग्रीको रोमन) और सागर जगलान (लड़कों के 80 किग्रा फ्रीस्टाइल) ने जीतकर कुश्ती में पदकों की संख्या को 16 स्वर्ण, 10 रजत और नौ कांस्य पदक तक पहुंचाया।
महाराष्ट्र कुश्ती में तीन स्वर्ण के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वैभव पाटिल ने लड़कों के फ्रीस्टाइल 55 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
दिन की अन्य स्पर्धाओं में हरियाणा की भारोत्तोलक ज्योति यादव ने लड़कियों के 76 किग्रा वर्ग में कुल 178 किग्रा वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता।
भारोत्तोलन में अन्य स्वर्ण पदक असम के सुदित्य बरूआ (लड़कों के 89 किग्रा वर्ग) और पंजाब के दिलबाग सिंह (लड़कों के 96 किग्रा वर्ग) ने जीते।
ट्रैक एवं फील्ड में राजस्थान की किरण ने चक्का फेंका में अपनी प्रतिद्वंद्वियों पर तीन मीटर से अधिक की बढ़त के साथ एथलेटिक्स में अपने राज्य के लिए दूसरा स्वर्ण पदक जीता।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय डेकाथलीट प्रमिला अयप्पा की बेटी उन्नति अयप्पा ने 14.00 सेकेंड के समय के साथ लड़कियों का 100 मीटर बाधा दौड़ का स्वर्ण पदक जीता।
लड़कों की 110 मीटर बाधा दौड़ में हरियाणा के मोहित ने 13.62 सेकेंड के समय के साथ बाजी मारी।
पश्चिम बंगाल के श्रिंजय दत्ता ने 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण पदक जीता।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)