शिवकाशी (तमिलनाडु), तीन अक्टूबर शिवकाशी के आतिशबाजी उद्योग के श्रमिक तमाम चुनौतियों से जूझते हुए अपने काम को अंजाम देते हैं। खासकर, असंगठित क्षेत्र में उद्योग के कष्टप्रद हालात के कारण कई श्रमिकों की शराब पर निर्भरता भी बढ़ जाती है।
जैसे ही सूरज डूबता है, शिवकाशी के अलमाराथूपट्टी जैसे गांवों में आतिशबाजी इकाइयों के कई कर्मचारी शराब की दुकान के चारों ओर जमा हो जाते हैं और अपनी पसंद की शराब खरीदते हैं। अपनी परेशानियों को दूर करने के लिए शराब पर उनकी निर्भरता भी दिनों दिन बढ़ती जाती है।
एम एस वेलुसामी जैसे कई श्रमिक जो प्रति दिन मजदूरी के रूप में लगभग 300-350 रुपये कमाते हैं, सप्ताह में कम से कम दो से तीन दिन अपनी कमाई का आधा हिस्सा शराब का सेवन करने के लिए खर्च करते हैं।
श्रमिकों के कुछ वर्गों के लिए यह चुनौतीपूर्ण परिदृश्य है। पटाखा उद्योग में लगभग तीन लाख लोग बिना लाइसेंस वाली इकाइयों में हर रोज रासायनिक खतरे और हानिकारक स्वास्थ्य प्रभावों की आशंका का सामना करते हैं। पटाखों के निर्माण के दौरान रसायनों के मिश्रण के साथ सफेद धूसर पाउडर के कारण श्रमिकों की आंखें लाल दिखाई देती हैं। श्रमिक दिन का काम पूरा होने के बाद कारखाने के परिसर में जल्द से जल्द स्नान कर लेना चाहते हैं क्योंकि देरी से शरीर पर लगे रासायनिक पाउडर को हटाने में कठिनाई होगी।
निर्माण प्रक्रियाओं के कई स्तरों के दौरान अधिकांश श्रमिकों को सीधे किसी प्रकार के रासायनिक अवयवों को छूते या संभालते देखा जा सकता है। उद्योग के लोगों का कहना है कि सुबह-सुबह अलग-अलग स्थानों पर रसायनों को भरने और मिलाने जैसी खतरनाक प्रक्रिया को अंजाम दिया जाता है और ऐसे काम प्रशिक्षित पुरुषों को ही सौंपे जाते हैं। उनका कहना है कि अन्य सभी प्रक्रियाएं खतरनाक की श्रेणी में नहीं आती हैं।
कुछ कारखानों में, श्रमिकों का कहना है कि रसायनों के संपर्क में आने के प्रतिकूल प्रभावों को ‘‘निष्प्रभावी" करने के लिए केला खरीदने के वास्ते ‘‘केला भत्ता’’ के रूप में 20 रुपये मिलते हैं। यह आसानी से पच भी जाता है और पोषण में सहायक होता है। आतिशबाजी इकाइयों के मालिकों का कहना है कि वे ‘‘कर्मचारियों के स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखते हैं। कर्मचारियों का बीमा भी करवाया जाता है’’ और समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाते हैं।
संगठित उद्योग में 20 साल से अधिक समय गुजार चुके वेलुसामी, वेंकटकारुमन और अन्य श्रमिकों ने पीटीआई- को बताया, ‘‘हम सब को एलर्जी या अन्य समस्याएं नहीं हुई हैं, लेकिन श्रमिकों के एक वर्ग में कुछ स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY