देश की खबरें | महिलाओं को बेहतर समाज के लिए होने वाले विमर्श और निर्णय के केंद्र में लाना होगा : स्मृति ईरानी

आगरा (उप्र), 11 फरवरी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को कहा कि भविष्य की चुनौतियों का सामना करने को तैयार समाज के निर्माण की खातिर महिलाओं को किसी भी विमर्श और निर्णय के केंद्र में लाना होगा।

महिला एवं बाल विकास मंत्री ने ‘जी-20 एम्पावर इंसेप्शन’ बैठक में कहा कि भारत सभी लोगों की भलाई के लिए व्यावहारिक वैश्विक समाधान ढूंढ़ने में अहम भूमिका निभाने का इच्छुक है। उन्होंने कहा कि भारत ऐसा करके ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की सच्ची भावना को दर्शाना चाहता है।

ईरानी ने विशेष रूप से भारत के स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की भूमिका का उल्लेख किया और जमीनी स्तर पर महिला नेतृत्व के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने हर महिला तक बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास का भी उल्लेख किया।

दो दिवसीय बैठक के पहले दिन मंत्री ने कहा, ‘‘ भविष्य की चुनौतियों का सामना करने को तैयार समाज के निर्माण की खातिर महिलाओं को किसी भी विमर्श और निर्णय के केंद्र में लाना होगा।’’

ईरानी ने कहा कि भारत की जी-20 अध्यक्षता के तहत तीन मुख्य क्षेत्र हैं-महिला उद्यमशीलता: समानता और अर्थव्यस्था के लिहाज से बेहतर स्थिति, महिला नेतृत्व को प्रोत्साहन देने के लिए सहभागिता और शिक्षा है।

अपने विशेष संबोधन में जी-20 के शेरपा अमिताभ कांत ने कहा कि भारत ऐसे समय में जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है जब दुनिया मंदी और जलवायु परिवर्तन समेत कई चुनौतियों का सामना कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)