भोपाल, 10 नवंबर मध्यप्रदेश में विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में मंगलवार को वोटों की गिनती में नौ सीटों पर विजय हासिल करने के साथ ही प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा ने 230 सदस्यीय सदन में साधारण बहुमत हासिल कर लिया।
इसके साथ ही जारी मतगणना में भाजपा दस अन्य सीटों पर आगे चल रही है। विधानसभा उपचुनाव के तहत 28 सीटों पर तीन नवंबर को मतदान हुआ था और मंगलवार 10 नवंबर को मतगणना हो रही है।
यह भी पढ़े | Gujarat By-Election 2020 Results: कांग्रेस पार्टी गुजरात में हार के कारणों की समीक्षा करेगी.
वर्तमान में भाजपा के 107 विधायक हैं और नौ सीटों पर विजय हासिल करने के साथ ही भाजपा ने साधारण बहुमत के आंकड़े 116 को प्राप्त कर लिया है। 230 सदस्यीय सदन की वर्तमान में प्रभावी क्षमता 229 है। क्योंकि 28 सीटों पर उपचुनाव की घोषणा के बाद गत माह दमोह से कांग्रेस के विधायक राहुल लोधी विधानसभा से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हो गये।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार भाजपा ने अब तक नौ सीटें - बमोरी, अशोक नगर, मुंगावली, अनूपपुर, सांची, मांधाता, नेपानगर, बदनावर और सुवासरा में जीत हासिल कर ली है।
वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल कांग्रेस ने अब तक ब्यावरा सीट पर विजय हासिल की है। इसके अलावा कांग्रेस के उम्मीदवार अन्य आठ सीटों पर आगे चल रहे हैं।
मालूम हो कि इस साल मार्च और उसके बाद 25 कांग्रेसी विधायकों के त्यागपत्र देने से तथा तीन विधायकों के निधन होने से विधानसभा में 28 सीटें रिक्त हुई थी जहां उपचुनाव कराये गये हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY