नयी दिल्ली, 14 जुलाई सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी विप्रो का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में मामूली बढ़कर 2,390.4 करोड़ रुपये रहा।
इससे पूर्व वित्त वर्ष 2019-20 की इसी तिमाही में कंपनी को 2,387.6 करोड़ रुपये का एकीकृत लाभ हुआ था।
यह भी पढ़े | COVID-19 Airborne: तीन तरह के होते हैं ड्रॉपलेट, जानिए किससे कितना कोरोना वायरस का है खतरा?.
विप्रो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और प्रबंध निदेशक थियेरी डेलपोर्ट ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘लाभदायक वृद्धि मेरे एजेंडे में सबसे ऊपर है। हम इसकी शुरूआत नये अनुबंधों की बुकिंग से करेंगे। मुझे भरोसा है कि हम अपने सभी शेयरधारकों के हित में दीर्घकालीन, सतत वृद्धि हासिल करेंगे।’’
विप्रो की कुल आय अप्रैल-जून,2020 को समाप्त तिमाही में 15,571.4 करोड़ रुपये रही जो पिछले वित्त वर्ष 2019-20 की इसी तिमाही में 15,566.6 करोड़ रुपये थी।
यह भी पढ़े | बिहार: पप्पू यादव ने योगी आदित्यनाथ पर लगाया 'जातिवाद' का आरोप.
विप्रो के मुख्य वित्त अधिकारी जतिन दलाल ने कहा, ‘‘हमने कोविड-19 मद में 100 करोड़ रुपये की प्रतिबद्धता जतायी है। यह विशिष्ट कंपनी सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) पहल है। हम अजमी प्रेमजी फाउंडेशन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं...।’’
कंपनी के प्रदर्शन को प्रभावित करने वाले कारकों के बारे में दलाल ने कहा कि प्रदर्शन को प्रति शेयर कमाई के आधार देखा जाना चाहिए जो सालाना आधार पर 5.7 प्रतिशत बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि रुपये की विनिमय दर में गिरावट से भी कंपनी को लाभ हुआ है।
विप्रो की एकीकृत परिचालन आय 2020-21 की पहली तिमाही में 1.3 प्रतिशत बढ़कर 14,913.1 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 14,716.1 करोड़ रुपये थी।
विप्रो के प्रदर्शन में मामूली वृद्धि से बाजार को थोड़ा अचंभा हुआ है। क्योंकि टीसीएस के बृहस्पतिवार को जारी परिणाम में जून तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 13.8 प्रतिशत घटकर 7,008 करोड़ रुपये रहा। कंपनी की आय पर कोरोना वायरस संकट का असर पड़ा है।
विप्रो की आईटी सेवाओं से आय जून, 2020 को समाप्त तिमाही में 1.5 प्रतिशत बढ़कर 15,033.6 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले 2019-20 की इसी तिमाही में यह 14,802 करोड़ रुपये थी।
कंपनी का आईटी सेवाओं से परिचालन लाभ आलोच्य तिमाही में 3,095 करोड़ रुपये रहा जो एक एक साल पहले 2019-20 की अप्रैल-जून तिमाही में 3,072.2 करोड़ रुपये था।
विप्रो ने कहा कि कोविड-19 संकट के दौरान भी उसने नौकरी पर रखने को लेकर भी वादे किये थे, उसे पूरा किया।
विप्रो के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी सौरव गोविल ने कहा, ‘‘चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में हमने सकल रूप से 7,000 लोगों को नियुक्त किया। वृद्धि एजेंडे में ऊपर है और दूसरी तिमाही तथा उसके बाद भी नियुक्ति जारी रहेगी। हमने नौकरी को लेकर जो भी पेशकश और प्रतिबद्धता जतायी है, उसका पालन होगा।’’
कंपनी का शेयर बीएसई में 1.1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 225.05 रुपये प्रति इक्विटी पर बंद हुआ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY