देश की खबरें | राष्ट्रीय स्तर पर किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होंगे : लालदुहोमा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मिजोरम विधानसभा चुनाव में विजेता बनकर उभरी पार्टी जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के मुख्यमंत्री पद के दावेदार लालदुहोमा ने सोमवार को कहा कि राज्य की अगली सरकार केंद्र के साथ अच्छे संबंध बनाए रखेगी, लेकिन उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होगी।
आइजोल, चार दिसंबर मिजोरम विधानसभा चुनाव में विजेता बनकर उभरी पार्टी जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के मुख्यमंत्री पद के दावेदार लालदुहोमा ने सोमवार को कहा कि राज्य की अगली सरकार केंद्र के साथ अच्छे संबंध बनाए रखेगी, लेकिन उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होगी।
मिजोरम में अभी तक विपक्षी की भूमिका निभा रही जेडपीएम ताजा विधानसभा चुनाव में विजेता बनकर सामने आई है। जेडपीएम ने 40 सदस्यीय विधानसभा में 27 सीट पर जीत दर्ज की है।
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी लालदुहोमा ने ‘पीटीआई वीडियो’ से की गई विशेष बातचीत में सदन में पार्टी को मिले बहुमत पर संतोष व्यक्त किया और केंद्र सरकार से मजबूत संबंध बनाने पर जोर दिया।
वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सुरक्षा प्रभारी की भूमिका भी निभा चुके हैं।
लालदुहोमा ने कहा, ‘‘ हम केंद्र के साथ अच्छे संबंध बनाए रखेंगे, लेकिन हम राष्ट्रीय स्तर पर किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होंगे।’’
सेरछिप सीट से विधायक चुने गए लालदुहोमा ने अपनी पार्टी की चुनावी सफलता का श्रेय मिजोरम की आम जनता को दिया और कहा कि नए मुख्यमंत्री के रूप में उनकी प्राथमिकताएं अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने की होगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी बैठक करेगी और फिर शपथ ग्रहण पर फैसला करेगी।
जेडपीएम ने मिजोरम में सरकार बनाने का दावा पेश करने की घोषणा की है। इस संबंध में औपचारिक निर्णय नवनिर्वाचित विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एक सलाहकारी बैठक के बाद लिया जाएगा।
जेडपीएम के कार्यकारी अध्यक्ष के. सपडांगा ने कहा कि विधायकों की बैठक मंगलवार को होनी है और सेरछिप से निर्वाचित लालदुहोमा नवनिर्वाचित विधायकों से मिलने के लिए आइजोल जा रहे हैं।
विधानसभा चुनाव में अबतक विपक्षी पार्टी रही जेडपीएम ने 40 में से 27 सीट जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। निवर्तमान मुख्यमंत्री जोरमथांगा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) को 10 सीट मिली है जबकि भाजपा ने दो सीट और कांग्रेस ने एक सीट जीती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)