खेल की खबरें | जब आप कुछ अलग करते हैं तो टीम प्रबंधन का साथ होता है : रोहित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. पिछले कुछ समय से पहली गेंद से आक्रामक तेवर अपनाने वाले कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला एक बार फिर खूब चला और उस समय जबकि टीम को उसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी ।

दुबई, नौ मार्च पिछले कुछ समय से पहली गेंद से आक्रामक तेवर अपनाने वाले कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला एक बार फिर खूब चला और उस समय जबकि टीम को उसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी ।

आस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट श्रृंखला में खराब फॉर्म से जूझते रहे रोहित अपने पसंदीदा प्रारूप में फॉर्म में लौटे और उनके 76 रन की बदौलत भारत ने चैम्पियंस ट्रॉफी फाइनल में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया ।

रोहित ने जीत के बाद कहा ,‘‘ नतीजे पक्ष में होना सुखद अहसास है ।’’

पिछले वनडे विश्व कप से आक्रामक बल्लेबाजी के अपने अंदाज के बारे में पूछने जाने पर उन्होंने कहा ,‘‘ मैं स्वाभाविक रूप से ऐसा नहीं खेलता हूं लेकिन मैं ऐसा कुछ करना चाहता था । जब आप कुछ अलग करते हैं तो टीम और प्रबंधन आपके साथ होते हैं ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ मैने राहुल (द्रविड़) भाई और अब गौती (गंभीर) भाई से इस पर बात की । मैं ऐसा वाकई करना चाहता था । इतने साल मैने अलग अंदाज में खेला है और अब हमें इससे नतीजे मिल रहे हैं ।’’

अपने हरफनमौलाओं के बारे में उन्होंने कहा ,‘‘ इस गहराई से मुझे खेलने की आजादी मिली और काफी मदद हुई । जडेजा आठवें नंबर पर आ रहा है जिससे खुलकर खेलने का भरोसा मिला ।’’

उन्होंने केएल राहुल की तारीफ करते हुए कहा ,‘‘ बहुत मजबूत दिमाग और वह दबाव से कभी नहीं घबराता । यही वजह है कि हम उसे बीच के ओवरों में चाहते थे । वह बल्लेबाजी करता है तो काफी ठहराव के साथ और हालात के अनुरूप खेलता है । वह हार्दिक जैसे दूसरे बल्लेबाजों को आजादी देता है ।’’

नौ विकेट लेने वाले वरूण चक्रवर्ती की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा ,‘ वह कुछ अलग है । हम इस तरह की पिचों पर खेलते हैं तो हम चाहते हैं कि बल्लेबाज कुछ अलग करे । उसने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला और पांच विकेट लिये थे । उसकी गेंदबाजी कमाल की है ।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\