देश की खबरें | दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते समय लुफ्थांसा विमान के पहिये में लगी आग, सुरक्षित उतरा हवाई जहाज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. म्यूनिख से रवाना हुए लुफ्थांसा के ए380 विमान के सोमवार रात को दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते समय एक पहिये में आग लग गयी। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, दो जुलाई म्यूनिख से रवाना हुए लुफ्थांसा के ए380 विमान के सोमवार रात को दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते समय एक पहिये में आग लग गयी। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि उड़ान संख्या एलएच762 वाला विमान इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया। सूत्रों के मुताबिक, चूंकि विमान की जांच की जानी थी और कलपुर्जे तुरंत उपलब्ध नहीं होने के कारण म्यूनिख की वापसी वाली उड़ान रद्द कर दी गयी।
सूत्रों ने बताया कि विमान में करीब 490 यात्री सवार थे। विमान हवाई अड्डे पर नियंत्रित तरीके से उतरने में सफल रहा।
विमानन कंपनी के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा, ''उड़ान संख्या एलएच762 दिल्ली में सुरक्षित उतर गयी। नियंत्रित तरीके से उतरने के बाद कलपुर्जों की अनुपलब्धता के कारण विमान को कुछ समय के लिए आगे की उड़ान के लिये ‘उपलब्ध नहीं’ की श्रेणी में रखा गया है। लुफ्थांसा की शीर्ष प्राथमिकता सुरक्षा है।''
सूत्रों ने बताया कि विमान के उतरते समय एक पहिये में आग की सूचना मिली।
सूत्रों के मुताबिक, घटना के कारण वापसी की उड़ान संख्या एलएच763 रद्द कर दी गयी जबकि यात्रियों को बोर्डिंग पास जारी कर दिये गये थे।
लुफ्थांसा के प्रवक्ता ने बताया कि विमान डीएआईएमसी तीन जुलाई को राष्ट्रीय राजधानी से म्यूनिख के लिए उड़ान एलएच 763 संचालित करने वाला है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)