खेल की खबरें | वार्नर के साथ कड़ा व्यवहार किया गया लेकिन वह बड़े मंच पर अच्छा करेगा: ली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद के बर्ताव से डेविड वार्नर का आत्मविश्वास डिगा है लेकिन यह सलामी बल्लेबाज बड़े मंच का खिलाड़ी है और टी20 विश्व कप में आस्ट्रेलिया की सफलता में उसकी भूमिका अहम होगी।
दुबई, 21 अक्टूबर पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद के बर्ताव से डेविड वार्नर का आत्मविश्वास डिगा है लेकिन यह सलामी बल्लेबाज बड़े मंच का खिलाड़ी है और टी20 विश्व कप में आस्ट्रेलिया की सफलता में उसकी भूमिका अहम होगी।
सनराइजर्स ने इस साल आईपीएल के पहले चरण में वार्नर को कप्तानी से हटा दिया और यूएई में सत्र बहाल होने पर उन्हें पहले दो मैचों में साधारण प्रदर्शन के बाद अंतिम एकादश से भी बाहर कर दिया गया।
ली को उम्मीद है कि आस्ट्रेलिया अपना पहला टी20 विश्व खिताब जीतने में सफल रहेगा। आस्ट्रेलिया अपने अभियान की शुरुआत शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगा।
ली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के लिए कॉलम में लिखा, ‘‘इस प्रारूप में हमें काफी सफलता नहीं मिली है- अब समय आ गया है कि हम इसमें बदलाव करें और हमारे पास ऐसी टीम है जो खिताब जीत सकती है। यह हालांकि आसान नहीं होगा विशेषकर जब आप देखें कि इंग्लैंड, भारत और न्यूजीलैंड की टीमें कितनी मजबूत हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन यह आस्ट्रेलियाई टीम प्रतिभा से भरी है और मेरी नजर में डेविड वार्नर अहम रहेगा। मैं कहना चाहूंगा कि उसने आगामी मैचों के लिए रन बचाकर रखे हैं। उसके साथ आईपीएल में काफी कड़ा बर्ताव किया गया और इससे उसका आत्मविश्वास कुछ हद तक डिगा होगा लेकिन वह बड़े मंच पर अच्छा प्रदर्शन करता है। यहां से सब कुछ सही होगा क्योंकि आपका स्तर स्थाई होता है।’’
आस्ट्रेलिया के लिए 76 टेस्ट और 221 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाले ली ने कहा कि आस्ट्रेलिया के लिए वार्नर के अलावा मिशेल स्टार्क और जोश हेजलवुड अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
ली को इसमें कोई संदेह नहीं है कि भारत खिताब का प्रबल दावेदार है और उन्होंने उम्मीद जताई कि बल्लेबाज लोकेश राहुल और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि शीर्ष चार या पांच बल्लेबाज और गेंदबाजी आक्रमण के साथ भारत संभवत: खिताब का प्रबल दावेदार है। पिछले कुछ महीनों के प्रदर्शन को देखें तो मेरी नजर में लोकेश राहुल टूर्नामेंट का शीर्ष स्कोरर और मोहम्मद शमी सबसे अधिक विकेट चटकाने वाला गेंदबाज होगा। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)