देश की खबरें | हवाई किराये को लेकर सिंधिया और वेणुगोपाल में फिर वाकयुद्ध

नयी दिल्ली, 13 जून देश में हवाई किराये में बढ़ोतरी के विषय को लेकर मंगलवार को कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच फिर वाकयुद्ध देखने को मिला।

वेणुगोपाल ने कहा कि हवाई किराये को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए तो सिंधिया ने पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के समय विमानन क्षेत्र से जुड़े कुछ आंकड़े रखते हुए कहा कि व्यक्ति को जवाबदेह होना चाहिए और कथनी भी करनी के मुताबिक होनी चाहिए।

दोनों के बीच इसी विषय पर सोमवार को भी ट्विटर पर वाकयुद्ध देखने को मिला था।

वेणुगोपाल ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि हवाई किराये का मामला काफी ऊपर जा रहा है और नागर विमानन मंत्रालय यात्रियों और विमानन क्षेत्र की उपेक्षा कर रहा है।

उनका कहना था, ‘‘हम जितना तह में जाएंगे, उतनी ही समस्या नजर आती है। सिंधिया जी, आपने पूरा पिटारा खोल दिया है।’’

इसके जवाब में सिंधिया ने ट्वीट किया, ‘‘वेणुगोपाल जी, उसी समय वाकपटुता दिखाते हैं जब उनको सवाल पूछने होते हैं, लेकिन जब उनसे सवाल किए जाते हैं तो वह जवाब नहीं देते। सर, सवालों का जवाब देने की बारी आपकी है। जवाबदेह बनिए और कथनी एवं करनी एक रखिए।’’

उन्होंने उनसे कुछ सवाल भी किए। किरायों में बढ़ोतरी के विषय पर, दोनों नेताओं ने पहले भी एक दूसरे से सवाल किए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)