झारसुगुडा (ओडिशा), 10 मई ओडिशा की झारसुगुडा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान बुधवार को सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि यहां 253 मतदान केंद्रों पर 2,21,070 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं।
मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा।
ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी निकुंज बिहारी ढल ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी बंदोबस्त किये गये हैं।
झारसुगुडा के पुलिस अधीक्षक परमार स्मित पुरुषोत्तमदास ने कहा कि संवेदनशील चिह्नित किये गये बूथ पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं और केंद्रीय बलों की तैनाती की गयी है।
विधायक और राज्य के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की गत 29 जनवरी को हत्या के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था।
उपचुनाव में कुल नौ उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है।
बीजद ने दास की बेटी दीपाली दास को प्रत्याशी बनाया है, वहीं भाजपा ने तांकाधर त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस के टिकट पर दिवंगत विधायक बीरेन पांडेय के बेटे तरुण पांडेय किस्मत आजमा रहे हैं। सभी प्रत्याशी पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।
मतगणना 13 मई को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY