देश की खबरें | दिल्ली में 1.47 करोड़ मतदाताओं के साथ मतदाता सूची प्रकाशित, युवाओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा चुनाव से पहले, सोमवार को दिल्ली में अद्यतन मतदाता सूची प्रकाशित की गई जिसमें 18 से 19 साल आयुवर्ग के युवाओं की संख्या में 85 फीसदी की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और महिला मतदाताओं का पंजीकरण भी बढ़ा है।

नयी दिल्ली, 22 जनवरी लोकसभा चुनाव से पहले, सोमवार को दिल्ली में अद्यतन मतदाता सूची प्रकाशित की गई जिसमें 18 से 19 साल आयुवर्ग के युवाओं की संख्या में 85 फीसदी की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और महिला मतदाताओं का पंजीकरण भी बढ़ा है।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गयी है कि मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ पूर्ण हुए विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण- 2024 के अनुसार, अब राष्ट्रीय राजधानी में कुल 1,47,18,119 मतदाता हैं, जिनमें 79,86,572 पुरुष, 67,30,371 महिलाएं तथा 1,176 तृतीय लिंगी हैं।

नयी मतदाता सूची में 2023 की मतदाता सूची की तुलना में मतदाताओं की संख्या 58,182 घटी है। वर्ष 2023 की मतदाता सूची में पुरुष और महिला मतदाता क्रमश: 80,38,676 और 67,36,470 थे।

घर-घर जाकर किये गये सत्यापन के दौरान मतदाता सूची से 3,97,004 प्रविष्टियां हटायी गयीं जिनमें 3,07,788 ऐसे मतदाता थे जो स्थायी रूप से कहीं और चले गये, 56,773 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है तथा 32,443 मतदाताओं की एक से अधिक बार प्रवृष्टियां की गई थीं।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी कृष्णमूर्ति ने बताया कि विशेष पुनरीक्षण के फलस्वरूप मतदाताओं के लिंगानुपात में पांच अंक का सुधार आया और वह 838 से बढ़कर 843 हो गया जो मतदाता सूची में महिलाओं को शामिल करने के प्रयास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्शाता है।

कृष्णमूर्ति ने कहा, ‘‘आज प्रकाशित अद्यतन मतदाता सूची दिल्ली में युवा मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाती है। यह चुनाव प्रक्रिया के प्रति युवा मतदाताओं की कटिबद्धता को भी दर्शाता है।’’

विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण में 18-19 साल आयुवर्ग के मतदाताओं को शामिल करने पर विशेष बल दिया गया। इस दौरान दिल्ली की मतदाता सूची में 67,930 युवा मतदाता जोड़े गये, जिसका मतलब है पुनरीक्षण के दौरान जो कुल 2,54,470 नाम जोड़े गये, उनमें 26.7 प्रतिशत मतदाता युवा हैं।

बयान में कहा गया है कि 18-19 साल के युवा मतदाताओं के पंजीकरण में पिछले साल की सूची की तुलना में 9.69 प्रतिशत की वृद्धि हुई और 2024 में ही यह वृद्धि 85.8 प्रतिशत की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now