देश की खबरें | गणतंत्र दिवस पर हिंसा खुफिया विफलता के कारण नहीं हुई: दिल्ली पुलिस प्रमुख

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव ने शुक्रवार को कहा कि गणतंत्र दिवस पर हिंसा खुफिया विफलता के कारण नहीं हुई। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने ट्रैक्टर परेड के लिए निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल नहीं करके उनका विश्वास तोड़ा है।

नयी दिल्ली,19 फरवरी दिल्ली के पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव ने शुक्रवार को कहा कि गणतंत्र दिवस पर हिंसा खुफिया विफलता के कारण नहीं हुई। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने ट्रैक्टर परेड के लिए निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल नहीं करके उनका विश्वास तोड़ा है।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि कुछ आशंकाएं थीं, जिसकी वजह से अवरोधक लगाए गए थे और किसानों को रोका गया था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा के मामले में अब तक 152 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गौरतलब है कि केन्द्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हजारों किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान पुलिस के साथ झड़प हुई थी। इन घटनाओं में 500 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे और एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी।

दिल्ली पुलिस की वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह पूछे जाने पर कि 26 जनवरी की घटना क्या खुफिया विफलता थी, श्रीवास्तव ने कहा ‘‘ कोई खुफिया विफलता नहीं थी।’’

उन्होंने कहा,‘‘ हम उनसे (किसानों से) बात करते आ रहे थे। हमने उन्हें ट्रैक्टर रैली निकालने की इजाजत दी थी। समझौते के तहत नियम कायदे तैयार किए गए थे और उन्हें ट्रैक्टर परेड निकालने के लिए मार्ग निर्दिष्ट किए गए थे, लेकिन उन्होंने दिल्ली पुलिस के विश्वास को तोड़ा और हिंसा की। पुलिस ने बड़ी खूबी से अपना कर्तव्य निभाया।’’

पुलिस आयुक्त ने कहा कि किसान नेताओं ने उन नोटिस का जवाब दिया है, जो दिल्ली पुलिस ने उन्हें जारी की थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\