देश की खबरें | विजयन ने पेले के निधन पर शोक जताया, कहा-उनकी यादें कभी नहीं मिटेंगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने शुक्रवार को ब्राजील के महान फुटबॉल खिलाड़ी पेले के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि फुटबॉल खेलने की पेले की कला, प्रतिबद्धता और मनमोहक जज्बे ने इस खेल को और मजेदार बनाया था।
तिरुवनंतपुरम, 30 दिसंबर केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने शुक्रवार को ब्राजील के महान फुटबॉल खिलाड़ी पेले के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि फुटबॉल खेलने की पेले की कला, प्रतिबद्धता और मनमोहक जज्बे ने इस खेल को और मजेदार बनाया था।
पेले को विश्व इतिहास के सबसे महान फुटबॉल खिलाड़ियों में से एक बताते हुए विजयन ने कहा कि उनका निधन पूरी दुनिया के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, “अलविदा पेले। उन्होंने दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों को जो यादगार लम्हें दिए, उनका गवाह बनना एक सुखद अनुभव है। उनके निधन की खबर से पूरी दुनिया के फुटबॉल प्रेमी शोक की लहर में डूब गए हैं।”
बाद में विजयन ने फेसबुक पर जारी पोस्ट में कहा, “पेले ने अपने दशकों लंबे करियर में अद्वितीय मुकाम हासिल किया। इतिहास गवाह है कि उनका खेल फुटबॉल की अनूठी और सुंदर अभिव्यक्ति था।” उन्होंने कहा कि पेले का निधन फुटबॉल प्रेमियों के लिए बहुत दुखद है, लेकिन उनकी यादें कभी नहीं मिटेंगी।
मुख्यमंत्री ने केरल के लोगों के मन में महान फुटबॉल खिलाड़ी के लिए मौजूद प्यार और सम्मान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि फुटबॉल विश्व कप के दौरान राज्यभर में लगाए जाने वाले पेले के कट-आउट और पोस्टर इसका प्रमाण थे।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन ने अपने फेसबुक अकाउंट पर विश्व कप की ट्रॉफी थामे पेले की तस्वीर साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लिखा, “महान हस्तियां धरती से रुख्सत हो जाती हैं, पर यादों से नहीं।”
लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे पेले का बृहस्पतिवार को निधन हो गया था। वह 82 साल के थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)