देश की खबरें | विजयन ने क्यूबा के राष्ट्रपति से मुलाकात की

तिरुवनंतपुरम, 15 जून केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बृहस्पतिवार को क्यूबा के राष्ट्रपति मिगेल डियाज कनेल से मुलाकात की। इस भेंट के दौरान कनेल ने विजयन को खेल, स्वास्थ्य और जैव प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग का आश्वासन दिया।

विजयन क्यूबा की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। राष्ट्रपति कनेल और विजयन ने खेल, स्वास्थ्य और जैव प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में लातिन अमेरिकी देश और दक्षिण भारतीय राज्य के बीच सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि विजयन के साथ बैठक में कनेल ने आश्वासन दिया कि क्यूबा खेल, स्वास्थ्य और जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में केरल के साथ मिलकर काम करेगा।

बयान के अनुसार क्यूबा के राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी कैबिनेट डिजिटल विश्वविद्यालय, विश्वविद्यालयों के बीच तकनीकी संचार और छात्र आदान-प्रदान कार्यक्रमों जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भी केरल के साथ सहयोग पर विचार-विमर्श करेगी।

कनेल ने सामाजिक प्रगति में केरल की उपलब्धियों को अनुकरणीय बताया और अगली बार भारत आने पर राज्य का दौरा करने का वादा किया।

विजयन ने क्यूबा के राष्ट्रपति को उनके दूसरे कार्यकाल के लिए बधाई दी और उन्हें क्यूबा के प्रति केरलवासियों के गहरे स्नेह और फिदेल कास्त्रो एवं चे ग्वेरा जैसे क्रांतिकारी नायकों की लोकप्रियता का भी जिक्र किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)