मलप्पुरम (केरल), एक अप्रैल केरल में छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान के आखिरी चरण में पहुंचने के बीच संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) प्रमुख मुद्दा बन गया है और बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विवादित कानून को लेकर भाजपा नीत राजग पर हमला बोला।
राहुल गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी इस कानून को लागू नहीं होने देगी वहीं विजयन ने विवादास्पद कानून के खिलाफ लोगों को आगाह करते हुए दावा किया कि सरकार जिसे पसंद नहीं करेगी, उसे बंदी शिविरों में भेजा जा सकता है।
राहुल गांधी ने जिले में कांग्रेस नीत यूडीएफ द्वारा आयोजित एक चुनावी सभा में कहा, "हम इसे लागू नहीं होने देंगे। इसलिए इसको लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है।"
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने वायनाड और मलप्पुरम जिलों में कई विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार करते हुए कहा कि उन्होंने दो दिन पहले असम में चुनाव प्रचार के दौरान सीएए को लेकर यही बात कही थी।
इससे पहले, मुख्यमंत्री विजयन ने कन्नूर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए म्यांमा में सेना की कार्रवाई का हवाला दिया और कहा कि फासीवादी शासन में ऐसा परिदृश्य कहीं का भी हो सकता है।
विजयन ने कहा, ‘‘हमें इस गलत धारणा में नहीं रहना चाहिए कि सीएए-एनआरसी के बंदी शिविर सिर्फ एक खास समुदाय के लिए हैं। म्यांमा का उदाहरण हमारे सामने है। सरकार जिस किसी को भी पसंद नहीं करेगी, उसे उन केंद्रों में रखा जा सकता है। धर्मनिरपेक्षता के साथ समझौता नहीं किया जाना चाहिए।’’
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम और पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार करते समय कहा है कि संसद द्वारा पारित संशोधित नागरिकता कानून को समय पर लागू किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY