देश की खबरें | उपराष्ट्रपति नायडू, धनखड़, अन्य गणमान्य लोगों ने मुर्मू से मुलाकात की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को यहां द्रौपदी मुर्मू के अस्थायी आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने मुर्मू को भारत की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर बधाई दी।

नयी दिल्ली, 22 जुलाई उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को यहां द्रौपदी मुर्मू के अस्थायी आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने मुर्मू को भारत की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर बधाई दी।

राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद से ही मुर्मू से मिलने वालों का तांता लगा हुआ है। केंद्रीय मंत्रियों सहित कई साधु संतों ने भी उनसे मुलाकात की है।

उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ ने भी उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई दी।

मुर्मू से मिलने वालों में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और जी किशन रेड्डी, धार्मिक नेता और आध्यात्मिक संगठन ब्रह्मा कुमारी के पदाधिकारी शामिल हैं।

उपराष्ट्रपति के कार्यालय की ओर से किए गए ट्वीट के अनुसार, उपराष्ट्रपति नायडू ने मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें भारत की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर बधाई दी।

सूत्रों ने बताया कि यह बैठक 15 मिनट तक चली।

मुर्मू से मुलाकात करने के बाद धनखड़ ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को बधाई। वह हमारे लोकतंत्र की ताकत का एक उदाहरण हैं और उन्हें सार्वजनिक जीवन में व्यापक अनुभव, निस्वार्थ सेवा की भावना और लोगों के मुद्दों की गहरी समझ हैं। सही मायने में इतिहास रचा गया है।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव विनोद तावड़े सहित कई भाजपा नेताओं ने भी उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद ही मुर्मू से मुलाकात की थी और उन्हें बधाई दी थी।

गौरतलब है कि मुर्मू (64) ने विपक्षी दलों के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराकर आदिवासी समुदाय से पहली राष्ट्रपति निर्वाचित होकर बृहस्पतिवार को इतिहास रच दिया। मुर्मू ने मतगणना में 64 प्रतिशत से अधिक वैध मत प्राप्त कर सिन्हा के खिलाफ भारी अंतर से जीत हासिल की।

वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।

मुर्मू सोमवार को राष्ट्रपति पद की शपथ ग्रहण करेंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\