देश की खबरें | होली पर दिखे भारत के विविध रंग, लोगों ने हर्षोल्लास के साथ मनाया रंगों का त्योहार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रंगों का त्योहार होली सोमवार को देशभर में सभी वर्गों के लोगों ने पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया।

नयी दिल्ली, 25 मार्च रंगों का त्योहार होली सोमवार को देशभर में सभी वर्गों के लोगों ने पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया।

इस साल यह त्योहार कुछ विशेष रहा क्योंकि भव्य राम मंदिर के उद्घाटन के बाद अयोध्या में यह पहली होली थी और यह लोकसभा चुनाव से ठीक पहले मनाई गई।

राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली यातायात पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने और लाल बत्ती (ट्रैफिक सिग्नल) पार करने को रोकने के लिए मुख्य मार्गों पर विशेष दलों को तैनात किया था।

वहीं, पूर्वी दिल्ली के गणेश नगर इलाके में एक घर की छत पर होली मनाते समय 'हाईटेंशन' तार की चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

घायलों में एक महिला समेत तीन लोगों की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

उधर, अयोध्या के राम मंदिर में भव्य होली उत्सव मनाया गया। सुबह ही अलग-अलग जगहों से लोग मंदिर पहुंचे और उन्होंने मूर्ति पर रंग और गुलाल चढ़ाया।

अपने आराध्य को होली पर रंग चढ़ाकर आह्लादित हुए भक्तों के उल्लास से पूरा राम जन्मभूमि परिसर रंगों के त्योहार की खुशी में डूब गया।

राम मंदिर के प्रांगण में पुजारियों ने मूर्ति पर पुष्प वर्षा की और भगवान के साथ होली खेली। साथ ही राग भोग और श्रृंगार के तहत भगवान को गुलाल अर्पित किया गया।

राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने 'पीटीआई-' से कहा, "रामलला मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली होली मनायी जा रही है। रामलला की आकर्षक मूर्ति को फूलों से सजाया गया है, माथे पर गुलाल लगाया गया है। इस अवसर पर रामलला की मूर्ति ने गुलाबी पोशाक पहनी थी।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now