देश की खबरें | अमेरिकी रक्षामंत्री इजराइली नेताओं से मिलने तेल अवीव पहुंचे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेल अवीव, 13 अक्टूबर (एपी) अमेरिका के रक्षामंत्री लॉयड ऑस्टिन शुक्रवार को इजराइल के वरिष्ठ नेताओं से मिलने के लिए तेल अवीव पहुंचे।
तेल अवीव, 13 अक्टूबर (एपी) अमेरिका के रक्षामंत्री लॉयड ऑस्टिन शुक्रवार को इजराइल के वरिष्ठ नेताओं से मिलने के लिए तेल अवीव पहुंचे।
इस दौरान वह अमेरिका द्वारा इजराइल को दिए गए हथियारों और सुरक्षा सहायता को भी देखेंगे। अमेरिका ने ये हथियार उग्रवादी समूह हमास से लड़ाई के पहले सप्ताह में त्वरित सहायता के तौर पर इजराइल को दिए हैं।
ऑस्टिन अमेरिका के दूसरे शीर्ष अधिकारी हैं जो गत दो दिन में इजराइल पहुंचे हैं। वह उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के रक्षामंत्रियों की ब्रसेल्स में हुई बैठक के बाद सीधे इजराइली शहर तेल अवीव पहुंचे। उनकी यह यात्रा अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की बृहस्पतिवार को तेल अवीव यात्रा के एक दिन बाद हो रही है।
ब्लिंकन कूटनीतिक प्रयास कर रहे हैं ताकि पश्चिम एशिया में संघर्ष को रोका जा सके।
ऑस्टिन ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की और करीब दो घंटे तक रक्षामंत्री योआव गैलेंट एवं इजराइली युद्ध मंत्रिमंडल के साथ बिताया।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू और ऑस्टिन दोनों संवाददाताओं के सामने आए। ऑस्टिन ने नेतन्याहू से कहा, ‘‘जैसा कि राष्ट्रपति (जो बाइडन) ने कहा है, हम आपके साथ हैं। हम आपके साथ खड़े हैं माननीय प्रधानमंत्री।’’
ऑस्टिन की तेल अवीव यात्रा ऐसे समय हो रही जब इजराइल ने संभावित जमीनी कार्रवाई से पहले गाजा शहर के हजारों लोगों को ‘अपनी सुरक्षा और संरक्षा’के लिए इलाके को खाली करने का निर्देश दिया है।
इसके जवाब में गाजा पर शासन कर रहे हमास ने फलस्तीनियों से ‘‘अपने घरों में ही रहने और इजराइल का मजबूती से मुकाबला करने का आह्वान किया है।’’
ऑस्टिन के साथ यात्रा कर रहे रक्षा अधिकारियों ने बताया कि वह अमेरिका की इजराइल के लोगों के प्रति दृढ़ समर्थन को रेखांकित करना चाहते हैं और यह संदेश देना चाहते हैं कि अमेरिका, इजराइल की रक्षा के लिए जो भी जरूरत होगी, वह सुनिश्चित करेगा।
एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने बताया कि अमेरिका पहले ही इजराइल को छोटे बम और उसकी ‘आयरन डोम’ प्रणाली के लिए इंटरसेप्टर मिसाइलें दे चुका है तथा और हथियार पहुंच रहे हैं। अन्य साजोसामान के शुक्रवार को पहुंचने की उम्मीद है।
ऑस्टिन लगभग रोजाना गैलेंट से बातचीत कर रहे हैं और अमेरिकी युद्ध पोतों को शीघ्र स्थानांतरित करने, खुफिया सहयोग और अन्य परिसंपत्ति इजराइल को मुहैया कराने का निर्देश दिया है।
इजराइली सीमा में हमास के क्रूर हमले के कुछ घंटों के भीतर ही अमेरिका के युद्धपोतों और लड़ाकू विमानों ने इलाके की ओर रुख किया।
ब्लिंकन तेल अवीव की यात्रा के बाद शुक्रवार को जॉर्डन पहुंचे और वहां के शासक अब्दुल्लाह द्वितीय से मुलाकात की। हालांकि, मुलाकात के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कोई बातचीत नहीं की।
ब्लिंकन कतर रवाना होने से पहले जॉर्डन की राजधानी अम्मान में ही फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास से मुलाकात की।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने बताया कि ब्लिंकन ने जॉर्डन के शासक से हमास द्वारा सात अक्टूबर को किए गए हमले और उग्रवादियों की ओर से बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ाने के लिए की जा रही कोशिश पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही दोनों नेताओं ने ‘संघर्ष के विस्तृत रूप लेने से रोकने’ पर भी चर्चा की।
मिलर ने बताया कि अमेरिका के शीर्ष राजनयिक ने ‘‘रेखांकित किया कि हमास फलस्तीनी लोगों के अधिकार, सम्मान और जनमत के लिए खड़ा नहीं हुआ और आतंकवाद के खिलाफ खुद की रक्षा के वास्ते इजराइल द्वारा चलाए जा रहे वैध सुरक्षा अभियान के दौरान गाजा के आम नागरिकों की मानवीय जरूरत के समाधान के तरीकों पर चर्चा की।
जॉर्डन के राजमहल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अब्दुल्लाह ने गाजा में चिकित्सा मदद और राहत के लिए मानवीय गलियारा खोलने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों की रक्षा और संघर्ष को खत्म करने पर चर्चा की।
अब्दुल्लाह ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के काम को बाधित करने के खिलाफ अपील की और फलस्तीनियों को गाजा या अन्य स्थानों से जबरन विस्थापन की कोशिश को लेकर चेतावनी दी।
कतर की राजधानी दोहा में ब्लिंकन देर शुक्रवार देश के उन अधिकारियों से मुलाकात करेंगे जिनका हमास नेतृत्व से करीबी संपर्क है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)