देश की खबरें | उप्र : स्वार और छानबे विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू

रामपुर/मिर्जापुर (उप्र), 10 मई उत्तर प्रदेश की स्वार और छानबे विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान बुधवार सुबह सात बजे शुरू हो गया। मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इन सीटों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच सीधा मुकाबला होता नजर आ रहा है।

मतगणना 13 मई को होगी।

पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की अगुवाई वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने इस उपचुनाव से दूरी बना रखी है। वहीं, कांग्रेस ने सिर्फ छानबे सीट पर ही अपना उम्मीदवार उतारा है।

स्वार सीट सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम खां को एक मामले में सजा सुनाए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द होने के चलते रिक्त हुई है। छानबे सीट भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल (सोनेलाल) के विधायक राहुल कोल के निधन की वजह से खाली हुई है।

समाजवादी पार्टी ने स्वार सीट से अनुराधा चौहान और अपना दल (सोनेलाल) ने शफीक अहमद अंसारी को उम्मीदवार बनाया है।

उधर, छानबे सीट पर अपना दल (सोनेलाल) ने दिवंगत विधायक राहुल कोल की पत्नी रिंकी कोल को मैदान में उतारा है, तो सपा ने कीर्ति कोल को मैदान में उतारा है।

प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 255 विधायक हैं। उसके सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) और निषाद पार्टी के क्रमशः 11 और छह विधायक हैं। समाजवादी पार्टी के 109 विधायक हैं जबकि उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के नौ विधायक हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)