देश की खबरें | उप्र:बाइक के सांड से टकराने से भाजयुमो पदाधिकारी की मृत्यु, परिजनों का हत्या का आरोप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला उपाध्यक्ष राहुल दुबे (27) की मोटरसाइकिल के बृहस्पतिवार रात अमेठी बाईपास पर सांड से टकरा जाने से मृत्यु हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अमेठी (उप्र), 18 जुलाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला उपाध्यक्ष राहुल दुबे (27) की मोटरसाइकिल के बृहस्पतिवार रात अमेठी बाईपास पर सांड से टकरा जाने से मृत्यु हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इस बीच परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मुंशीगंज थानाक्षेत्र के भुसियांवा गांव के निवासी राहुल बृहस्पतिवार रात मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे, तभी अमेठी बाईपास के एक ढाबे के निकट उनकी मोटरसाइकिल एक सांड से टकरा गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी अमेठी ले जाया गया जहां से उन्हें संजय गांधी अस्पताल मुंशीगंज के लिए रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
अमेठी के थाना प्रभारी निरीक्षक रवि सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
इस बीच मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया और परिजनों ने अमेठी थाने में हत्या की तहरीर दी है।
राहुल दुबे के चाचा वेद प्रकाश ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि राहुल को भोजन या अन्य किसी पदार्थ में जहर देकर मारा गया है, उसकी मौत सड़क दुर्घटना से नहीं हुई है।
वेद प्रकाश का कहना है कि राहुल के शरीर पर कोई गंभीर चोट के निशान भी नहीं थे। वेद प्रकाश ने राहुल के एक साथी समेत कुछ लोगों पर विषयुक्त पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या की आशंका जताई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि वेद प्रकाश की तरफ से थाने में तहरीर दी गई है, जिसमें राहुल को विषयुक्त पदार्थ खिलाकर मारे जाने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विषु मिश्रा ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और कहा कि राहुल दुबे भारतीय जनता युवा मोर्चा अमेठी में जिला उपाध्यक्ष पद पर थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 18, 2025 06:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

