देश की खबरें | उप्र : सड़क हादसे की शिकार छात्रा की हालत अभी भी नाजुक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 31 दिसंबर की रात को सड़क हादसे की शिकार हुई बीटेक छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर से हटा दिया है, लेकिन वह अभी भी कोमा में है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

नोएडा, पांच जनवरी उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 31 दिसंबर की रात को सड़क हादसे की शिकार हुई बीटेक छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर से हटा दिया है, लेकिन वह अभी भी कोमा में है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घटना को पांच दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, “यह घटना जिस जगह पर हुई, उसके तीन से चार किलोमीटर तक के दायरे में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। इसके चलते पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में खासी दिक्कत हो रही है।”

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) दिनेश कुमार ने बताया कि नव वर्ष की पूर्व संध्या पर ग्रेटर नोएडा में अल्फा-2 बस स्टैंड से डेल्टा-2 सेक्टर की तरफ जा रही तीन कॉलेज छात्राओं को तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी थी।

उन्होंने बताया कि इस हादसे में बिहार की रहने वाली बीटेक की अंतिम वर्ष की छात्रा स्वीटी कुमारी (22) गंभीर रूप से घायल हो गई थी। स्थानीय लोगों ने स्वीटी को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां डॉक्टरों ने उसके मस्तिष्क की सर्जरी के बाद उसे वेंटिलेटर पर रखा था।

सिंह के अनुसार, हादसे में स्वीटी की दो दोस्त-अरुणाचल प्रदेश निवासी करसोनी डोंग और मणिपुर की रहने वाली आंगनबा मामूली रूप से घायल हुई थीं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

सिंह ने कहा, “स्वीटी के माता-पिता ग्रेटर नोएडा पहुंच गए हैं और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घायल छात्राओं से मिली जानकारी के आधार पर बीटा-2 पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के संबंध में जांच जारी है।”

उन्होंने बताया कि पुलिस ने नजदीकी इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के दर्जनों फुटेज खंगाले हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now