देश की खबरें | केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने वाईएसआरसी प्रमुख जगन को राजग में शामिल होने का न्यौता दिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले ने रविवार को वाईएसआर कांग्रेस को केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
विशाखापत्तनम (आंध्रप्रदेश), 17 अक्टूबर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले ने रविवार को वाईएसआर कांग्रेस को केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
अठावले ने कहा, ‘‘ हम राजग का विस्तार चाहते हैं। मैं वाईएसआरसी के अध्यक्ष जगनमोहन रेड्डी से राजग में शामिल होने की अपील करता हूं। यदि वह राजग से जुड़ते हैं तो वह आंध्रप्रदेश के लिए और मदद के लिए आश्वस्त रहेंगे। ’’
उन्होंने आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री से कहा, ‘‘इसके बारे में सोचिए। मैं (भाजपा अध्यक्ष जे पी) नड्डा से बात करूंगा। यदि जगन मोहन रेड्डी तैयार हो जाते हैं तो निश्चित ही मैं भाजपा आलाकमान से बात करूंगा। वह कुछ सकारात्मक होगा।’’
केंद्रीय मंत्री विभिन्न कल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए यहां आये थे। उनकी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) भाजपा नीत राजग का घटक है।
अठावले ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वाईएसआरसी ने हमेशा ही राज्यसभा एवं लोकसभा में (केंद्र) सरकार का समर्थन किया है ।
उन्होंने कहा कि केंद्र अब भी आंध्रप्रदेश की मदद कर रहा है ‘‘ लेकिन यदि वह राजग से जुड़ते हैं तो और अधिक मदद हो सकती है। ’’
आंध्रप्रदेश की तीन राजधानियों के मुद्दे से जुड़े एक सवाल के जवाब में आरपीआई नेता ने कहा कि यह राज्य के क्षेत्राधिकार का विषय है।
उन्होंने कहा, ‘‘ ये (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी के दिन हैं। वह अच्छा (काम) कर रहे हैं एवं मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं। कांग्रेस को सत्ता में आने के लिए कम से कम 15-20 साल इंतजार करना होगा। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)