देश की खबरें | केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने तेलंगाना भाजपा प्रमुख का कार्यभार संभाला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने हैदराबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी उस समय तक आराम से नहीं बैठेगी, जब तक राज्य की बीआरएस सरकार को चुनावी तौर पर ‘‘दफन’’ नहीं कर दिया जाता।

हैदराबाद, 21 जुलाई केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने हैदराबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी उस समय तक आराम से नहीं बैठेगी, जब तक राज्य की बीआरएस सरकार को चुनावी तौर पर ‘‘दफन’’ नहीं कर दिया जाता।

रेड्डी ने करीमनगर से लोकसभा सदस्य बंडी संजय कुमार का स्थान लिया है।

रेड्डी ने कार्यभार संभालने के बाद पार्टी की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को हराने के लक्ष्य के साथ एकजुट होकर काम करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व का मानना है कि तेलंगाना उन दक्षिणी राज्यों में से एक है जहां भाजपा के सत्ता में आने की संभावना है।

मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) का जिक्र करते हुए रेड्डी ने आरोप लगाया कि ‘नया निजाम’ और उनका परिवार सोचता है कि वे तेलंगाना के मालिक तथा राजा हैं और वे सोचते हैं कि राज्य को उनकी संतानों के प्रति भी वफादार होना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं संजय और अन्य नेताओं के साथ मिलकर काम करूंगा और तब तक आराम से नही बैठूंगा, जब तक बीआरएस सरकार को राज्य की सत्ता से हटा नहीं दिया जाता।’’

विभिन्न चुनावी वादों को लेकर चंद्रशेखर राव सरकार पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खेल शुरू हो गया है और तेलंगाना के लोग बीआरएस को हराने के लिए भाजपा के नेतृत्व में लड़ेंगे।

विपक्षी दलों के गठबंधन बनाने के प्रयासों पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2024 के आम चुनावों में एक बार फिर जीत हासिल करेंगे और फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे।

भाजपा नेता ने दावा किया कि केसीआर, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी जैसे हजारों लोग भी एकत्र हो जाएं तो भी वे 2024 में नरेन्द्र मोदी को सत्ता में आने से रोक नहीं सकते।

उन्होंने कहा कि भाजपा ‘‘बीआरएस सरकार की विफलताओं’’ को उजागर करने के लिए कई अभियान चलाएगी।

इस मौके पर संजय कुमार ने बिना किसी का नाम लिए पार्टी नेताओं से किशन रेड्डी को शांति से काम करने देने का अनुरोध किया।

पार्टी कार्यालय में कार्यभार संभालने से पहले रेड्डी ने चारमीनार के पास स्थित श्री भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा की। अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ रेड्डी ने डॉ. बी. आर. आंबेडकर एवं अन्य की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।

इस महीने की शुरुआत में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने संजय कुमार के स्थान पर किशन रेड्डी को राज्य पार्टी प्रमुख नियुक्त किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\