देश की खबरें | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने फिल्म ‘सम्राट पृथ्वीराज’ की विशेष स्क्रीनिंग देखी

नयी दिल्ली, एक जून केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को यहां एक विशेष स्क्रीनिंग में अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' देखी।

शाह ने अपने परिवार के सदस्यों, कई केंद्रीय मंत्रियों, केंद्रीय गृह मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों और अन्य मेहमानों के साथ मध्य दिल्ली के एक सिनेमा हॉल में 12वीं सदी के राजा पृथ्वीराज चौहान की वीरता को दर्शाने वाली फिल्म देखी।

पीयूष गोयल, अनुराग ठाकुर और अश्विनी वैष्णव सहित केंद्रीय मंत्रियों ने फिल्म विशेष शो देखा।

'सम्राट पृथ्वीराज' में संजय दत्त, सोनू सूद ने भी अभिनय किया है। साथ ही ‘मिस वर्ल्ड 2017’ मानुषी छिल्लर ने भी इसके जरिये फिल्मी दुनिया में कदम रखा है। फिल्म शुक्रवार को रिलीज होने वाली है।

फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर भी मौजूद थे।

फिल्म के बाद दर्शकों से बात करते हुए शाह ने कहा कि भारत सदियों से बाहरी आक्रमण के खिलाफ लड़ रहा है।

शाह ने कहा कि पृथ्वीराज ने देश की संप्रभुता और भारत की संस्कृति की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी।

गृह मंत्री ने कहा ''महिला अधिकारों का समर्थन करने वालों को यह फिल्म अवश्य देखनी चाहिए।''

उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 2014 में सत्ता में आने के बाद सांस्कृतिक पुनरुत्थान का एक युग शुरू हुआ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)