विदेश की खबरें | ब्रिटेन: सिख व्यक्ति को पटका हटाने के आरोपी पुलिसकर्मी को आरोप मुक्त किया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. उत्तरी इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड पुलिस में कार्यरत सार्जेंट को हिरासत के दौरान सिख व्यक्ति का पटका कथित तौर पर उतारने और दुर्व्यवहार करने के आरोप से मुक्त कर दिया गया है।
लंदन, छह अगस्त उत्तरी इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड पुलिस में कार्यरत सार्जेंट को हिरासत के दौरान सिख व्यक्ति का पटका कथित तौर पर उतारने और दुर्व्यवहार करने के आरोप से मुक्त कर दिया गया है।
आरोपी पुलिसकर्मी को इंटिपेंडटेंट ऑफिस फॉर पुलिस कंडक्ट (आईओपीसी) की जांच के बाद आरोप-मुक्त किया गया।
व्यक्ति ने शिकायत की थी कि धार्मिक मान्यताओं के लिए सिर ढंकने के लिए इस्तेमाल पटका को बर्मिंघम के पेरी बार में जबरन उतरवाया गया, जिसकी वजह से वह सदमे में है। उसने दावा किया कि अक्टूबर 2021 में हुई घटना में उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया और वह नस्लीय भेदभाव की घटना थी।
वेस्ट मिडलैंड के आईओपीसी के क्षेत्रीय निदेशक डेरिक कैम्पबेल ने कहा, ‘‘हमारी तरफ से उक्त घटना की जांच की गई, जिसमें पुलिस संलिप्त थी और उस आरोप का समुदाय पर उल्लेखनीय प्रभाव पड़ा था। इसकी वजह से स्थानीय तौर पर नाराजगी उत्पन्न हुई और हमने जांच की। पूर्व की खबरों के विपरीत पाया गया कि व्यक्ति ने जिस कपड़े से सिर ढका था, उसपर धार्मिक चिह्न नहीं था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने गहन जांच की और जो सबूत एकत्र किए, जिसके आधार पर सिफारिश की गयी कि एक अधिकारी के खिलाफ दुर्व्यवहार के मामले में जांच की जानी चाहिए। उन सबूतों के आधार पर पुलिस की अनुशासन समिति के समक्ष सुनवाई हुई और उसमें पाया गया कि आरोप साबित नहीं होते।’’
इस सप्ताह की शुरुआत में कानूनी जानकारों की स्वतंत्र समिति के समक्ष दो दिनों तक चली सुनवाई में पाया गया कि जिस सार्जेंट पर सिर ढंकने के लिए इस्तेमाल किये गये कपड़े को हटाने का आरोप था, उसने पुलिस पेशेवर मानकों का उल्लंघन नहीं किया और न ही उसके व्यवहार में सम्मान एवं कृतज्ञता की कमी थी। उसने बल प्रयोग भी नहीं किया और समानता एवं विविधता मानकों का भी उल्लंघन नहीं किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)