देश की खबरें | दिल्ली में दो भाइयों का अपहरण कर पैसे ऐंठने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर में दो भाइयों का कथित तौर पर अपहरण कर पैसे ऐंठने और उनकी मां पर विवादित संपत्ति खाली करने का दबाव बनाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 10 मई पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर में दो भाइयों का कथित तौर पर अपहरण कर पैसे ऐंठने और उनकी मां पर विवादित संपत्ति खाली करने का दबाव बनाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) आदित्य गौतम ने बताया कि आरोपी 30 वर्षीय राहुल और 23 वर्षीय रवि उर्फ ​​कालू एक साल से फरार थे। उन्हें बुधवार को एक गुप्त सूचना के आधार पर मोती बाग से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि अपहरण की यह घटना पिछले साल 20 जून को मधु विहार में हुई थी। 22 और 17 साल के दो भाइयों को उनके घर से अगवा कर हरियाणा के पानीपत ले जाया गया।

यह अपहरण कथित तौर पर राजिंदर उर्फ ​​डॉक्टर के इशारे पर किया गया था। वह शिकायतकर्ता का पड़ोसी है और भूमि हड़पने के लिए कुख्यात है।

उन्होंने बताया कि राजिंदर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि राहुल और रवि फरार थे और अदालत ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया था।

डीसीपी ने कहा, "राहुल और रवि ने अपने तीसरे साथी के साथ मिलकर पीड़ितों को बंधक बना लिया और उनकी मां से उत्तम नगर की पंचशील कॉलोनी में एक विवादित संपत्ति खाली करने की मांग की। उन्होंने पीड़ितों की रिहाई के लिए पैसे की भी मांग की।"

पानीपत से स्नातक राहुल 2016 में दिल्ली आया और उत्तम नगर में प्रॉपर्टी डीलर का काम करने लगा। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ डाबरी थाने में पहले भी दो मामले दर्ज हैं।

उन्होंने बताया कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ के मूल निवासी रवि ने 2024 में दिल्ली आने से पहले 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी। वह सह-आरोपी राजिंदर के साथ रहने लगा और उस पर हरियाणा के दादरी में एक मामला पहले भी दर्ज है।

आगे की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\