देश की खबरें | वडोदरा में स्कूल वैन से गिरी दो लड़कियां, चालक गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के वडोदरा शहर में स्कूल वैन से गिरकर दो लड़कियों के घायल होने की घटना के सिलसिले में पुलिस ने वैन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

वडोदरा, 22 जून गुजरात के वडोदरा शहर में स्कूल वैन से गिरकर दो लड़कियों के घायल होने की घटना के सिलसिले में पुलिस ने वैन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, 19 जून की अपराह्न को हुई यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, जनता में इसे लेकर आक्रोश फैल गया।

वडोदरा के सहायक पुलिस आयुक्त प्रणव कटारिया ने बताया कि सीसीटीवी का यह वीडियो शहर के तरसाली रोड इलाके में एक आवासीय सोसायटी से हासिल किया गया।

वीडियो में स्कूल की पोशाक पहनी हुईं दो लड़कियों को वैन से गिरते हुए देखा जा सकता है।

वडोदरा के सहायक पुलिस आयुक्त प्रणव कटारिया ने कहा, ‘‘वीडियो में दो लड़कियां एक रिहायशी सोसायटी के अंदर सड़क पर स्कूल वैन से गिरती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो में दिख रहे वैन चालक प्रतीक पढियार को हिरासत में ले लिया गया है।’’

उन्होंने बताया कि दोनों लड़कियों को मामूली चोटें आईं हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पढियार (23) के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने तथा दूसरों की जान और व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि वैन चालक के पास 'लर्निंग लाइसेंस' है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\