देश की खबरें | जीतू पटवारी के दो भाइयों पर झूठा मामला दर्ज किया गया : दिग्विजय सिंह

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी के दो भाइयों और जिला कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ इंदौर में 6.50 एकड़ जमीन की धोखाधड़ी को लेकर 'राजनीतिक बदनीयती' से झूठा मामला दर्ज किया गया है।

इंदौर, 30 मई कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी के दो भाइयों और जिला कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ इंदौर में 6.50 एकड़ जमीन की धोखाधड़ी को लेकर 'राजनीतिक बदनीयती' से झूठा मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने इस मामले को 15 दिन के भीतर खत्म नहीं किया, तो कांग्रेस शहर में बड़ा आंदोलन करेगी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नरेंद्र मेहता नामक एक व्यक्ति की शिकायत पर पटवारी के दो भाइयों-भरत पटवारी और नाना पटवारी तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव के खिलाफ तेजाजी नगर थाने में 6.50 एकड़ जमीन की धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

सिंह की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के पुलिस आयुक्त कार्यालय के सामने जुटे और यह मामला दर्ज किए जाने के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस के एक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में दावा किया गया है कि उमरीखेड़ा गांव की जिस जमीन को लेकर यह मामला दर्ज किया गया है, वह सरकारी जमीन है और शिकायतकर्ता इस जमीन का मालिक नहीं है।

सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि इस जमीन पर यादव समुदाय के एक ट्रस्ट द्वारा भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर और गोशाला का निर्माण कराने का फैसला किया गया है।

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस जमीन से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के दोनों भाइयों का कोई लेना-देना नहीं है। चूंकि, पटवारी सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के काले कारनामों को मजबूती से उजागर कर रहे हैं, इसलिए उनके भाइयों के खिलाफ सियासी बदनीयती से झूठा मामला दर्ज किया गया है।’’

राज्यसभा सदस्य ने कहा कि पुलिस इस ‘झूठे मामले’ को 15 दिन में खत्म करे, वरना कांग्रेस पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं को इंदौर में जुटाकर बड़ा आंदोलन करेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now