विदेश की खबरें | युद्ध विराम पर बातचीत करेंगे ट्रंप और पुतिन, जेलेंस्की को रूस की मंशा पर संदेह

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. ट्रंप को उम्मीद है कि इससे यूक्रेन के खिलाफ रूस के विनाशकारी युद्ध को समाप्त करने का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

ट्रंप को उम्मीद है कि इससे यूक्रेन के खिलाफ रूस के विनाशकारी युद्ध को समाप्त करने का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ युद्ध विराम समझौते को लेकर आशावादी है, हालांकि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को संदेह है कि पुतिन ट्रंप को दिखावटी समर्थन देने के अलावा और कुछ नहीं कर रहे हैं, जबकि रूसी सेना उनके देश पर बमबारी जारी रखे हुए है।

यह घटनाक्रम अमेरिका-रूस संबंधों में नाटकीय रूप से आए बदलाव की नवीनतम कड़ी है, क्योंकि ट्रंप ने संघर्ष को शीघ्र समाप्त करने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बना लिया है - यहां तक ​​कि इसके लिए अमेरिका के पुराने सहयोगियों के साथ संबंधों में तनाव की कीमत भी चुकानी पड़ रही है, जो चाहते हैं कि पुतिन को आक्रमण के लिये ‘दंडित’ किया जाए।

ट्रंप ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘रूस में स्थिति खराब है, यूक्रेन में भी हालात खराब हैं। यूक्रेन में जो कुछ हो रहा है, वह अच्छा नहीं है, लेकिन हम देखेंगे कि क्या हम शांति समझौता, युद्ध विराम और शांति स्थापित कर सकते हैं। और मुझे लगता है कि हम ऐसा करने में सक्षम होंगे।’’

ट्रंप-पुतिन वार्ता की तैयारी के लिए, व्हाइट हाउस के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने पिछले सप्ताह मॉस्को में पुतिन से मुलाकात कर प्रस्ताव पर चर्चा की थी।

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सऊदी अरब में वार्ता के दौरान यूक्रेन के वरिष्ठ अधिकारियों को युद्ध विराम की रूपरेखा पर सहमत होने के लिए राजी किया था।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वाशिंगटन और मास्को ने संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक समझौते के हिस्से के रूप में यूक्रेन और रूस के बीच “कुछ संपत्तियों को विभाजित करने” पर चर्चा शुरू कर दी है।

अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान युद्ध को शीघ्र समाप्त करने का संकल्प जताने वाले ट्रंप ने कई बार पुतिन के साथ अपने संबंधों का बखान किया और रूस के अकारण आक्रमण के लिए यूक्रेन को दोषी ठहराया। इतना ही नहीं उन्होंने जेलेंस्की पर द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप में सबसे बड़े युद्ध को अनावश्यक रूप से लंबा खींचने का आरोप लगाया।

पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि ट्रंप और पुतिन यूक्रेन में युद्ध पर चर्चा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका-रूस संबंधों को सामान्य बनाने को लेकर कई सवाल अब भी बाकी हैं।

पेस्कोव ने कहा कि यह वार्ता जीएमटी (ग्रीनविच मीन टाइम) के अनुसार अपराह्न एक बजे से तीन बजे (भारतीय समयानुसार शाम साढ़े छह से रात साढ़े आठ बजे) के बीच होगी।

उन्होंने कहा कि भूखंडों और बिजली संयंत्रों पर नियंत्रण बातचीत का हिस्सा होगा।

विटकॉफ और व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि अमेरिकी और रूसी अधिकारियों ने दक्षिणी यूक्रेन में यूरोप के सबसे बड़े ज़ापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र के भविष्य पर चर्चा की है।

वर्ष 2022 में मास्को द्वारा यूक्रेन में सेना भेजे जाने तथा उसके कुछ समय बाद ही संयंत्र पर कब्ज़ा जमाए जाने के बाद यह संयंत्र हमले की चपेट में आ गया है। यह संयंत्र एक महत्वपूर्ण परिसंपत्ति है, जो युद्ध से पहले के वर्ष में यूक्रेन की लगभग एक चौथाई बिजली का उत्पादन करता था।

लेविट ने कहा, “मैं कह सकती हूं कि हम शांति से 10 कदम की दूरी पर हैं। और हम इस समय शांति समझौते के जितने करीब हैं, उतने पहले कभी नहीं थे। और जैसा कि आप जानते हैं, राष्ट्रपति इसे पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।”

इस प्रस्तावित बातचीत को ट्रंप के लिए अमेरिकी विदेश नीति को एक नयी दिशा देने के अवसर के रूप में भी देखा जा रहा है।

इससे पहले, ट्रंप ने रविवार शाम ‘एयरफोर्स वन’ (अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला विमान) से फ्लोरिडा से वाशिंगटन जाते समय संवाददाताओं को पुतिन के साथ प्रस्तावित बातचीत के बारे में जानकारी दी थी। वहीं, रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने सोमवार सुबह पुतिन के इस बातचीत में शामिल होने की पुष्टि की थी।

ट्रंप ने कहा था, ‘‘हम देखेंगे कि क्या हमारे पास मंगलवार तक घोषणा करने के लिए कुछ है। मैं राष्ट्रपति पुतिन से मंगलवार को बात करूंगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सप्ताहांत में बहुत काम किया गया है। हम देखना चाहते हैं कि क्या हम इस युद्ध को समाप्त कर सकते हैं।’’

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने दोनों नेताओं के मंगलवार को बात करने की योजना की सोमवार सुबह पुष्टि की, लेकिन विस्तृत जानकारी देने से यह कहते हुए इनकार कर दिया था।

यूरोपीय सहयोगी, पुतिन के प्रति ट्रंप के मित्रवत रुख तथा यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के प्रति उनके सख्त रुख से चिंतित हैं, जिन्हें करीब दो सप्ताह पहले तब तीखी बहस का सामना करना पड़ा था, जब वह ‘ओवल ऑफिस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय) पहुंचे थे।

रूस ने करीब तीन साल पहले यूक्रेन पर हमला किया था।

ट्रंप ने कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए भूमि और बिजली संयंत्र बातचीत का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम जमीन के बारे में बात करेंगे। हम बिजली संयंत्रों के बारे में बात करेंगे।’’

रूस ने 2022 में यूक्रेन पर आक्रमण शुरू करने के बाद यूक्रेन के चार क्षेत्रों पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। इनमें पूर्व में डोनेत्स्क और लुहान्स्क क्षेत्र तथा देश के दक्षिण-पूर्व में खेरसॉन और ज़ापोरिज्जिया क्षेत्र शामिल हैं, लेकिन चारों में से किसी पर भी उसका पूरी तरह से नियंत्रण नहीं है।

पिछले साल पुतिन ने शांति की मांगों में से एक के रूप में सभी चार क्षेत्रों से कीव के सैनिकों की वापसी को सूचीबद्ध किया था। 2014 में रूस ने यूक्रेन से क्रीमिया को भी अपने में मिला लिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

हॉर्मुज पर बढ़ते तनाव के बीच बड़ी कूटनीतिक पहल, नरेंद्र मोदी और इमैनुएल मैक्रों ने सुरक्षित समुद्री रास्तों पर बनाई साझा रणनीति

MI vs PBKS, IPL 2026 24th Match Scorecard: वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से रौंदा, लगाया जीत का चौका; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

GT vs KKR, IPL 2026 25th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा गुजरात टाइटंस बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

GT vs KKR, IPL 2026 25th Match Stats And Preview: टूर्नामेंट के 25वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर लय बरकरार रखना चाहेगी गुजरात टाइटंस, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू