नयी दिल्ली, 17 फरवरी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) अगरतला में अपना ‘अस्थायी कार्यालय’ त्रिपुरा सरकार को लौटाएगी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। इस भवन में हाल ही में कथित तौर पर चोरी हुई थी और चोर यहां से दरवाजे, खिड़कियां, फर्नीचर और अन्य सामग्री चुराकर ले गए थे।
सीबीआई ने बताया कि यह परिसर ‘सीबीआई कार्यालय’ नहीं था बल्कि राज्य सरकार का क्वार्टर था, जिसे 2023 में चिट फंड घोटाले से जुड़े मामले की जांच एजेंसी को सौंपे जाने के तुरंत बाद कर्मचारियों के लिए अस्थायी आवास के रूप में दिया गया था।
सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में बताया, “एजेंसी का कोई आधिकारिक दस्तावेज या मामले से जुड़े किसी भी तरह के दस्तावेज उक्त परिसर में नहीं रखा गये थे। किसी प्रकार के दस्तावेज या मामले से जुड़ी सामग्री चोरी नहीं हुई है। अगरतला में सीबीआई इकाई का कार्यालय एक अलग परिसर से काम कर रहा है, न कि उक्त क्वार्टर से।”
उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में उक्त क्वार्टर का इस्तेमाल आवासीय उद्देश्य के लिए भी नहीं किया गया था।
बयान में बताया गया, “राज्य सरकार द्वारा दिया गया कुछ लकड़ी का सामान इस क्वार्टर से चोरी हो गया क्योंकि यहां कोई नहीं रहता था। एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और राज्य पुलिस ने संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से कुछ सामान भी बरामद कर लिया गया है। चूंकि उक्त परिसर का अब उपयोग नहीं किया जा रहा है, इसलिए इसे राज्य सरकार को वापस किया जा रहा है।”
ऐसा आरोप है कि चोरों ने क्वार्टर के दरवाजे और खिड़कियां चुरा लीं, इसके अलावा स्टील की अलमारियां, कुर्सियां और विभिन्न बिजली के उपकरण भी चोर चुरा कर ले गये।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY