देश की खबरें | त्रिपुरा : भाजपा उम्मीदवारों ने उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो उम्मीदवारों ने धनपुर और बोक्सानगर विधानसभा क्षेत्रों में पांच सितंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। एक निर्वाचन अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अगरतला, 17 अगस्त त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो उम्मीदवारों ने धनपुर और बोक्सानगर विधानसभा क्षेत्रों में पांच सितंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। एक निर्वाचन अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक भाजपा उम्मीदवार तफज्जल हुसैन ने बोक्सानगर सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि बिंदु देबनाथ ने धनपुर से अपना नामांकन दाखिल किया।
अब तक दोनों विधानसभा सीट के लिए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दो उम्मीदवारों समेत कुल चार उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं।
टिपरा मोथा और कांग्रेस ने उपचुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। नामांकन पत्रों की जांच 18 अगस्त को होगी और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 21 अगस्त है। वोटों की गिनती आठ सितंबर को की जाएगी।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्जी, परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी, समाज कल्याण मंत्री टिंकू रॉय और हजारों पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक सोनामुरा में हुसैन के नामांकन पत्र जमा करने के अवसर पर एक विशाल रैली में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से विकास और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील की।
गौरतलब है कि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक के इस्तीफा देने के बाद धनपुर विधानसभा सीट खाली हो गई थी, जबकि बोक्सानगर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीतने वाले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के समसुल हक का जुलाई में निधन हो गया था। इस कारण इन दोनों सीटों पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)