देश की खबरें | दिल्ली में जलभराव से यातायात जाम, अगले दो दिन और बारिश का अनुमान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में शनिवार को लगातार तीसरे दिन बारिश होने के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो दिन तक और बारिश का अनुमान जताया है।

नयी दिल्ली, 24 सितंबर दिल्ली में शनिवार को लगातार तीसरे दिन बारिश होने के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो दिन तक और बारिश का अनुमान जताया है।

शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ और कई अहम मार्गों पर वाहनों को रेंगते हुए देखा गया।

दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे के बाद छह मिलीमीटर बारिश दर्ज की।

लगातार बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी में पारा गिर गया और अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 22.6 डिग्री से. दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी ‘येलो’ अलर्ट जारी किया था, जिसके तहत दिल्ली में ज्यादातर इलाकों में हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश को लेकर आगाह किया गया था।

दिल्ली यातायात पुलिस ने यात्रियों को जाम की स्थिति को देखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी।

उसने ट्वीट किया, ‘‘भारत मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट के अनुसार ‘दिल्ली तथा आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश होगी।’ यात्रियों को इसके अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जाती है।’’

दिल्ली यातायात पुलिस ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘गड्ढे के कारण मजलिस पार्क से आजादपुर की ओर रोड नंबर 51 पर भारी यातायात है। कृपया इस मार्ग से बचें।’’

उसने कहा, ‘‘राजधानी पार्क मेट्रो स्टेशन के नीचे जलभराव के कारण मुंडका से नांगलोई की ओर रोहतक रोड पर भारी यातायात है। कृपया इस मार्ग पर यात्रा से बचें।’’

उसने बताया कि नजफगढ़ से नांगलोई की ओर बांकी बिहारी स्वीट्स के समीप गड्ढे के कारण नांगलोई नजफगढ़ रोड पर भारी यातायात है।

यातायात हेल्पलाइन के अनुसार, उन्हें यातायात जाम से संबंधित 16 शिकायतें मिली, तीन शिकायतें जलभराव और पांच पेड़ों के गिरने की शिकायतें मिली।

यातायात पुलिस ने बताया कि फिरनी रोड पर जलभराव और गड्ढों के कारण नजफगढ़ में ढांसा और बहादुरगढ़ स्टैण्ड पर यातायात प्रभावित है।

कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया पर भी लिखा है कि उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आजादपुर में यातायात जाम है। सोशल मीडिया के एक उपयोगकर्ता ने कहा कि नजफगढ़ इलाके में भी यातायात जाम है।

उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर में भी यातायात प्रभावित है। एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने कहा कि समयपुर बादली की ओर लिबासपुर अंडरपास में यातायात बाधित है।

अधचिनी रेड लाइट के समीप अरविंदो मार्ग और छतरपुर की ओर महिपालपुर के समीप पेड़ों के गिरने की भी खबरें हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी एक बुलेटिन के अनुसार, ‘‘राष्ट्रीय राजधानी में अगले दो दिन में बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश की संभावना है।’’

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (हिंडन वायु सेना अड्डा, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, बल्लभगढ़) में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश हुई।

आईएमडी द्वारा साझा किए आंकड़ों के अनुसार, शाम साढ़े पांच बजे सापेक्षिक आर्द्रता 100 फीसदी दर्ज की गयी।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में शाम करीब सात बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 41 दर्ज किया गया, जो ‘अच्छी’ श्रेणी में आता है।

गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Zimbabwe vs West Indies, T20 World Cup 2026 44th Match Weather Update: जिम्बाब्वे बनाम वेस्टइंडीज मुकाबले में बारिश डालेगी खलल या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें मुंबई के मौसम का हाल

India vs South Africa, T20 World Cup 2026 43rd Match Scorecard: अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका ने टीम इंडिया 76 रनों से दी करारी शिकस्त, मार्को जानसन ने चटकाए 4 विकेट; यहां देखें IND बनाम SA मैच का स्कोरकार्ड

Zimbabwe vs West Indies T20 World Cup Stats: टी20 वर्ल्ड कप में एक दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है जिम्बाब्वे बनाम वेस्टइंडीज का प्रदर्शन, यहां देखें आंकड़े

India vs South Africa, T20 World Cup 2026 43rd Match Scorecard: अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका ने टीम इंडिया के सामने रखा 188 रनों का लक्ष्य, डेविड मिलर ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

\