देश की खबरें | उत्तरी सिक्किम में फंसे पर्यटक गंगटोक लौट रहे हैं: अधिकारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तरी सिक्किम में भूस्खलन के कारण चुंगथांग में फंसे सैकड़ों पर्यटकों ने शुक्रवार को यहां प्रशासन की मदद से मंगन की ओर प्रस्थान करना शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गंगटोक, 25 अप्रैल उत्तरी सिक्किम में भूस्खलन के कारण चुंगथांग में फंसे सैकड़ों पर्यटकों ने शुक्रवार को यहां प्रशासन की मदद से मंगन की ओर प्रस्थान करना शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उत्तरी सिक्किम के मंगन जिले में स्थित चुंगथांग, राज्य की राजधानी गंगटोक से करीब 100 किलोमीटर दूर है।

चुंगथांग में बृहस्पतिवार को पर्यटकों के करीब 200 वाहन फंस गए और लोगों ने वहां एक गुरुद्वारे में शरण ली।

अधिकारियों ने बताया कि फंसे हुए सैकड़ों पर्यटकों को लेकर वाहन सांगकालांग में पुनर्निर्मित पुल के जरिये चुंगथांग से मंगन के लिए रवाना हो गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस पुल को यातायात के लिए खोल दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पर्यटक मंगन शहर पहुंचने के बाद गंगटोक की ओर बढ़ेंगे।

मंगन के जिलाधिकारी अनंत जैन और पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोनम देचू भूटिया ने फंसे हुए पर्यटकों की मदद की।

यद्यपि यहां बृहस्पतिवार शाम हुई भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन के कारण लाचेन और लाचुंग की सड़कें बंद हैं, लेकिन मार्गों को खोले जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस बीच, जिला प्रशासन ने लाचुंग और लाचेन में फंसे पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं।

पर्यटकों को लाचुंग और लाचेन तक पहुंचने के लिए चुंगथांग से होकर यात्रा करनी पड़ती है, ये दोनों ही पहाड़ी क्षेत्र हैं, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ ही गुरुडोंगमार झील तथा युमथांग घाटी जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के समीप होने के कारण प्रसिद्ध हैं।

सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने कहा कि उत्तरी सिक्किम में कई स्थानों पर हुए भूस्खलन के कारण फंसे सभी पर्यटक सुरक्षित हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग उत्तरी सिक्किम में फंसे पर्यटकों के बचाव कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं।

राज्यपाल ने कहा कि सभी फंसे हुए पर्यटकों को आज रात तक गंगटोक लाया जाएगा।

मंगन जिला प्रशासन ने उत्तरी सिक्किम के लिए आने वाले सभी पर्यटकों को दिए गए ‘परमिट’ निरस्त करने की घोषणा की है।

अधिकारियों ने बताया कि यात्रा के लिए पहले से जारी किए गए परमिट को अवैध घोषित कर दिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, सभी ‘टूर ऑपरेटर’ को निर्देश दिए गए हैं कि वे अग्रिम आदेश तक किसी भी पर्यटक को उत्तर की ओर न लेकर आएं।

इस हिमालयी राज्य के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण करीब एक हजार पर्यटक फंस गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लाचेन-चुंगथांग मार्ग पर मुंशीथांग में और लाचुंग-चुंगथांग मार्ग पर लेमा/बॉब में भारी भूस्खलन हुआ है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

KKR vs GT, IPL 2026 60th Match Scorecard: ईडन गार्डन स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटंस के सामने रखा 248 रनों का टारगेट, फिन एलन और अंगकृष रघुवंशी ने खेली धमाकेदार अर्धशतकीय पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा दिल्ली कैपिटल्स बनाम राजस्थान रॉयल्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Stats And Preview: प्लेऑफ की रेस में जीत दर्ज करने उतरेगी राजस्थान रॉयल्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

KKR vs GT, IPL 2026 60th Match Live Score Update: ईडन गार्डन स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा हैं रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट