देश की खबरें | तीन युवा स्क्वाश खिलाड़ी टॉप्स योजना में शामिल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 को ध्यान में रखते हुए युवा स्क्वाश खिलाड़ियों अनाहत सिंह, अभय सिंह और वेलावन सेंथिलकुमार को मंगलवार को टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) के डेवलपमेंट समूह में शामिल किया गया।
नयी दिल्ली, 14 मई लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 को ध्यान में रखते हुए युवा स्क्वाश खिलाड़ियों अनाहत सिंह, अभय सिंह और वेलावन सेंथिलकुमार को मंगलवार को टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) के डेवलपमेंट समूह में शामिल किया गया।
पिछले साल अक्टूबर में 2028 ओलंपिक कार्यक्रम में शामिल किया गया स्क्वाश भारत में लोकप्रिय है और भारतीय खिलाड़ियों ने इस खेल में एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में अच्छा प्रदर्शन किया है।
वर्षों तक सौरव घोषाल, दीपिका पल्लीकल और जोशना चिनप्पा ने भारत का परचम लहराया और अब जिम्मेदारी अनाहत, अभय और वेलावन जैसे अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों पर है।
भारतीय स्क्वाश रैकेट्स महासंघ (एसआरएफआई) में महासचिव साइरस पोंचा ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) की विज्ञप्ति में कहा, ‘‘टॉप्स कार्यक्रम में स्क्वाश को शामिल किया जाना भारत में इस खेल के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है। बढ़ी हुई भागीदारी और उन्नत प्रशिक्षण अवसरों जैसे तत्काल लाभों के अलावा यह मान्यता देश के भीतर एक महत्वपूर्ण खेल के रूप में स्क्वाश के व्यापक समर्थन का प्रतीक है।’’
सोलह साल की अनाहत पहले ही राष्ट्रीय चैंपियन बन चुकी हैं और उन्होंने राष्ट्रीय सर्किट में अब तक 46 खिताब जीते हैं। वह मौजूदा एशिया अंडर-17 चैंपियन और दो पीएसए विश्व टूर खिताब विजेता भी हैं। उनके नाम एशियाई खेलों में भी दो पदक हैं।
पच्चीस साल के अभय राष्ट्रीय खेलों के मौजूदा स्वर्ण पदक विजेता और राष्ट्रीय चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता हैं। उन्होंने नौ पीएसए विश्व टूर खिताब जीते हैं और 2023 में हांगझोउ में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम का हिस्सा थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)