देश की खबरें | राजस्थान में 60 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के आरोप में तीन किशोर गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोटा में 60 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या के मामले में तीन किशोरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
कोटा (राजस्थान), 10 जुलाई कोटा में 60 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या के मामले में तीन किशोरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
बुजुर्ग का खून से सना शव एक सप्ताह पहले मिला था और उसका चेहरा क्षत-विक्षत था। कोटा शहर के पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत ने मीडिया को बताया कि मामले में गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान कुलदीप मीणा (19), राहुल मीणा उर्फ चिंटू (18) और प्रदीप मीणा (19) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित की पहचान महावीर नगर इलाका निवासी सुरेश धोबी के रूप में की गई है, जिसकी छावनी रामचंद्रपुरा में ड्राई क्लीनर की दुकान थी। उसका शव चार जुलाई को उसकी दुकान के बाहर मिला था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज स्पष्ट नहीं थी और आरोपियों की पहचान करना मुश्किल था, ऐसे में एक विशेष टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर उस व्यक्ति का पता लगाया जो तीनों आरोपियों के संपर्क में था और आखिरकार तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान पता चला कि सुरेश धोबी ने कुलदीप को उसकी दुकान के पास लघु शंका करने से रोका था, जिसके कारण कुलदीप ने गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि कुलदीप ने लोहे की छड़ से धोबी के सिर पर कई वार किए और अन्य दो आरोपियों ने इस अपराध में उसकी मदद की।
झालावाड़ जिला निवासी राहुल किसी परीक्षा की तैयारी के लिए कोटा आया था और अपने रिश्तेदार कुलदीप के कमरे में रह रहा था, जबकि कुलदीप और प्रदीप शहर में कैटरिंग (खान पाने के प्रबंध) का काम करते थे। तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था और मामले की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)