देश की खबरें | झारखंड में इंजीनियरिंग के तीन छात्र तालाब में डूबे

रामगढ़, आठ मई झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार को एक तालाब में इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्रों की डूबने से मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में यह घटना उस वक्त हुयी जब रामगढ़ राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र तालाब में नहाने गए थे, जो करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है ।

उन्होंने कहा कि बाद में शवों को बाहर निकाला गया और मामले की जांच शुरू की गई।

कॉलेज की प्राचार्य शरबानी रे ने बताया कि मरने वाले सभी छात्र तृतीय वर्ष में थे ।

कुमार ने बताया कि मरने वालों की पहचान बोकारो जिले के जोधा मोड़ निवासी अंकित कुमार सिंह (22), गिरिडीह जिले के सिमराखाप के रहने वाले अभिषेक कुमार (21) और धनबाद जिले के कतरास मोड़ निवासी रोहन कुमार मालाकार (21) के रूप में हुई है ।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)