देश की खबरें | शाह का बेटा बन विधायकों को मुख्यमंत्री पद की पेशकश करने वाले तीन आरोपियों को इंफाल लाया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बेटा बनकर मणिपुर के कई विधायकों को धन के बदले मुख्यमंत्री पद दिलाने का वादा करने के आरोप में हाल में उत्तराखंड से गिरफ्तार किए गए तीन लोगों को इंफाल लाया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
इंफाल, 12 मार्च केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बेटा बनकर मणिपुर के कई विधायकों को धन के बदले मुख्यमंत्री पद दिलाने का वादा करने के आरोप में हाल में उत्तराखंड से गिरफ्तार किए गए तीन लोगों को इंफाल लाया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद कई विधायकों को तीन आरोपियों के फोन आए थे, जिन्होंने कथित तौर पर खुद को शाह का बेटा जय शाह बताया था और उन्हें चार करोड़ रुपये में मुख्यमंत्री पद की पेशकश की थी।
पुलिस के एक बयान में कहा गया, ‘‘इंफाल थाने में दर्ज दो प्राथमिकियों के संबंध में जांच के बाद, उत्तराखंड में पहले गिरफ्तार किए गए तीन व्यक्तियों को मणिपुर पुलिस द्वारा इंफाल लाया गया।’’
बयान में कहा गया है कि आरोपियों ने फरवरी में एन. बीरेन सिंह के मणिपुर के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य के कई विधायकों को फोन किया था।
बयान के अनुसार, ‘‘उन्होंने खुद को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बेटा जय शाह बताया तथा विधायकों से बड़ी धनराशि मांगी और वादा किया कि उनके नाम पर मुख्यमंत्री पद के लिए विचार किया जाएगा।’’
मणिपुर पुलिस ने बताया कि उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के एटा जिले के निधौरी कला निवासी उवैस अहमद, दिल्ली के गाजीपुर के रहने वाले गौरव नाथ और प्रियांशु पंत के रूप में हुई है।
मई 2023 से मणिपुर में मेइती और कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 250 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
एन. बीरेन सिंह के इस्तीफा देने के बाद केंद्र ने 13 फरवरी को राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था। राज्य विधानसभा को निलंबित कर दिया गया है और इसका कार्यकाल 2027 तक है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)