देश की खबरें | शिंदे गुट के उन विधायकों को वापसी करनी चाहिए जो केवल अजित पवार की वजह से गए थे : चव्हाण
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने शनिवार को कहा कि एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना के जिन विधायकों को अजित पवार से शिकायत थी उन्हें अपनी मूल पार्टी में वापस आ जाना चाहिए क्योंकि पवार दोबारा वित्त विभाग संभाल रहे हैं।
औरंगाबाद (महाराष्ट्र), 15 जुलाई कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने शनिवार को कहा कि एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना के जिन विधायकों को अजित पवार से शिकायत थी उन्हें अपनी मूल पार्टी में वापस आ जाना चाहिए क्योंकि पवार दोबारा वित्त विभाग संभाल रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति का स्तर इतना नीचे चला गया है कि इंडियन प्रीमियर लीग की तरह नेताओं की भी ‘निलामी’ हो रही है।
उन्होंने शिंदे गुट का नाम लिए बिना कहा, ‘‘कुछ लोग शिवसेना को यह कहते हुए छोड़ गए थे कि वे काम नहीं कर सकते क्योंकि अजित पवार (महा विकास आघाडी सरकार में) वित्तमंत्री हैं। अब अजित पवार ने दोबारा वित्तमंत्री के तौर पर वापसी की है और उन विधायकों की वापसी के लिए पर्याप्त कारण है।’’
कांग्रेस नेता ने रेखांकित किया कि इन विधायकों ने दावा किया कि पवार वित्तमंत्री के तौर पर उनके साथ अन्याय कर रहे हैं और इसलिए उन्होंने उद्धव ठाकरे का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हाथ (सरकार बनाने के लिए) मिला लिया था।
उन्होंने कहा, ‘‘...वहीं अजित पवार ने वित्तमंत्री के तौर पर वापसी की है। अब इन लोगों के लिए वापसी की संभावना है क्योंकि इसके लिए उनके पास कारण मौजूद है। लेकिन उनको वापस लेने का फैसला (ठाकरे नीत) शिवसेना करेगी।’’
जब वर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और कई अन्य शिवसेना विधायकों ने पिछले साल जून में उद्धव ठाकरे के खिलाफ विद्रोह किया था, तब उन्होंने इसका एक कारण यह बताया था कि पवार नीत वित्त विभाग उनके निर्वाचन क्षेत्रों के लिए धन आवंटित नहीं कर रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)