विदेश की खबरें | इस बात का कोई कारण नहीं है कि हैरिस चुनाव न जीत सकें: सलमान रुश्दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. मुंबई में जन्मे लेखक सलमान रुश्दी ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस का समर्थन करते हुए कहा है कि उपराष्ट्रपति हैरिस ही वह व्यक्ति हैं जो पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को देश को सत्तावाद की ओर ले जाने से रोक सकती हैं।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

न्यूयॉर्क, 29 जुलाई मुंबई में जन्मे लेखक सलमान रुश्दी ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस का समर्थन करते हुए कहा है कि उपराष्ट्रपति हैरिस ही वह व्यक्ति हैं जो पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को देश को सत्तावाद की ओर ले जाने से रोक सकती हैं।

रुश्दी ने रविवार को एक डिजिटल कार्यक्रम 'साउथ एशियन मेन फॉर हैरिस' के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति हैरिस के प्रति अपना समर्थन जताया। इस कार्यक्रम में सांसदों, लेखकों, नीति विशेषज्ञों, उद्यमियों और प्रवासी संगठनों सहित भारतीय-अमेरिकी समुदाय की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।

रुश्दी ने कहा, ‘‘यह एक महत्वपूर्ण क्षण है। मैं बंबई (अब मुंबई) का लड़का हूं और एक भारतीय महिला को ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के लिए चुनाव लड़ते देखकर बहुत अच्छा लग रहा है। मेरी पत्नी अफ्रीकी-अमेरिकी है, इसलिए हमें यह बात पसंद है कि एक अश्वेत और भारतीय महिला ‘व्हाइट हाउस’ के लिए चुनाव लड़ रही है।’’

हैरिस (59) अमेरिका में नवंबर में प्रस्तावित राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की संभावित उम्मीदवार हैं। उन्होंने राष्ट्रपति जो बाइडन के इस दौड़ से हटने के बाद पिछले सप्ताह राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा की थी। हालांकि, अभी डेमोक्रेटिक पार्टी ने उन्हें अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।

ब्रिटिश-अमेरिकी उपन्यासकार रुश्दी (77) ने साथ ही कहा कि उनके समर्थन का आधार केवल जातीयता नहीं है। उन्होंने उपराष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन उम्मीदवार जे डी वेंस की भारतीय-अमेरिकी पत्नी और दक्षिण कैरोलिना की पूर्व भारतीय-अमेरिकी गवर्नर का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हम ऊषा वेंस या निक्की हेली के लिए इस तरह एकत्र नहीं होते।’’

रुश्दी ने कहा कि यह जोश इसलिए है क्योंकि एक सप्ताह के भीतर ही अमेरिकी राजनीति में कुछ ‘‘असाधारण, परिवर्तनकारी’’ घटित हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीदवार के तौर पर कमला हैरिस के आने से बातचीत का रुख पूरी तरह से बदल गया है और यह आशावाद और सकारात्मक, दूरगामी सोच के साथ बदला है।’’

रुश्दी ने इस बात पर जोर दिया कि समुदाय को हैरिस को सफल बनाना होगा क्योंकि ‘‘हम विकल्प को जीतने नहीं दे सकते।’’

उन्होंने राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप(78) का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘वह एक ऐसे खोखले आदमी हैं जिनमें एक भी अच्छा गुण नहीं है और वह इस देश को सत्तावाद की ओर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसा नहीं हो सकता।’’

रुश्दी ने कहा कि हैरिस ‘‘ही वह व्यक्ति हैं जो उन्हें (ट्रंप को) रोक सकती हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now